शिक्षित बच्चे ही गढ़ेंगे देश का भविष्य – विधायक रायमुनी भगत
शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुआ पालक-शिक्षक सम्मेलन, प्रवेशोत्सव और बाल कैबिनेट का गठन
जशपुरनगर, 7 अगस्त।
शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुरनगर में गुरुवार को पालक-शिक्षक सम्मेलन, प्रवेशोत्सव और बाल कैबिनेट शपथ ग्रहण का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने मां वागीशा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण कर किया। मां सरस्वती की वंदना की मधुर प्रस्तुति ने कार्यक्रम का वातावरण और भी गरिमामय बना दिया।
पालकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती भगत ने कहा – “देश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा, जब समाज शिक्षित होगा। आज के बच्चे ही कल के भविष्य हैं, इसलिए उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।” उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं – आवास, भोजन, पुस्तकें, गणवेश – का सही उपयोग कर अपनी पूरी ऊर्जा पढ़ाई में लगाएं। उन्होंने कहा कि “यदि आपका भविष्य उज्ज्वल होगा, तो परिवार, समाज और राष्ट्र सभी मजबूत होंगे।”
व्यवहार परिवर्तन पर सतर्कता का आह्वान
विशिष्ट अतिथि, शासकीय रामभजन राय महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अमरेंद्र ने बच्चों की उम्र के साथ आने वाले व्यवहारिक बदलावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे बच्चों के व्यवहार पर नजर रखें और किसी भी शंका पर तुरंत शिक्षकों को अवगत कराएं ताकि काउंसलिंग से समय रहते मदद मिल सके।
विद्यालय के प्राचार्य खान वक्कारुज्जमां खां ने पालक-शिक्षक सम्मेलन की महत्ता और अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती कल्पना टोप्पो ने छात्र जीवन की चुनौतियों और अभिभावकों द्वारा बच्चों की भावनाएं समझने के महत्व पर बल दिया। एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती संझौती बाई ने कहा कि अभाव दूर करने का सबसे सरल उपाय अच्छी शिक्षा है। वहीं, व्याख्याता श्रीमती सुनीता केरकेट्टा ने नशामुक्ति पर जागरूकता संदेश दिया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुति और अनुभव साझा
कक्षा 10वीं के छात्र रविशंकर राम ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ में अपनी भागीदारी के अनुभव साझा किए। कक्षा 6वीं के नवप्रवेशित छात्रों ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में पालकों से उनके सुझाव भी आमंत्रित किए गए।
प्रवेशोत्सव और सम्मान समारोह
इस अवसर पर विधायक श्रीमती भगत ने नवप्रवेशित बच्चों का तिलक कर पुस्तक व गणवेश वितरण किया, उनके हस्तछाप लिए गए और विशेष सेल्फी जोन में बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। बाल कैबिनेट का गठन कर पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। वर्ष 2025 की वार्षिक परीक्षाओं में कक्षा में प्रथम स्थान पाने वाले छात्रों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री कृपा शंकर भगत, युवा समाजसेवी श्री आशुतोष राय, सेवानिवृत्त प्रधानपाठक श्री एल. डी. चौहान, श्री टी. गोसाई, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अमित अम्बष्ट, शाला विकास समिति के सदस्य, विद्यालय के सभी शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में पालक मौजूद रहे।







