बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट: घरेलू विवाद में पत्थर से हमला कर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम आगडीह में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद ने ऐसी भयावह शक्ल ली कि बेटे ने अपने ही पिता की पत्थर से निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मृतक बंधु राम (45 वर्ष) के बड़े भाई रविशंकर राम (65 वर्ष) ने 18 सितंबर को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बंधु राम मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। उसके बेटे दीपक राम (25 वर्ष) से अक्सर पारिवारिक बातों को लेकर विवाद होते रहते थे। आए दिन वह अपने पिता से मारपीट करता था।

घटना की रात (17 सितंबर) करीब 11 बजे दोनों में फिर कहासुनी हुई। इसी दौरान दीपक ने गुस्से में आकर पास रखे फर्श पत्थर से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर, नाक और कनपटी पर गहरी चोट लगने से बंधु राम की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह मृतक का शव गांव के एक व्यक्ति के घर के सामने खून से लथपथ पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर व कनपटी पर लगी चोटें पाई गईं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर को जब्त किया और आरोपी दीपक राम को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसके पिता बार-बार उसे कामधाम न करने और घर में पड़े रहने की बातें कहकर डांटते थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उसने आवेश में आकर वारदात को अंजाम दे दिया।

जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आगडीह में बेटे ने घरेलू विवाद के चलते अपने पिता की पत्थर से हत्या कर दी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।”

The Prime News
Author: The Prime News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!