जशपुर। बगीचा थाना क्षेत्र में महिला स्व सहायता समूह को लालच देकर ठगी करने वाले तीन फरार आरोपियों को जशपुर पुलिस ने अंबिकापुर से दबोच लिया है। ऑपरेशन अंकुश के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस सफलता के बाद क्षेत्र में ठगी प्रकरणों पर शिकंजा कसने की चर्चा तेज हो गई है।
किस्त पटाने और 5 हजार रुपये अतिरिक्त देने का लालच
मामला वर्ष 2020 का है। ग्राम विमड़ा की महिलाओं से आरोपियों ने कहा था कि यदि वे भारत फाइनेंस कंपनी से कर्ज निकलवाएं, तो वे खुद किस्त पटाएंगे और महिलाओं को 5-5 हजार रुपये अतिरिक्त देंगे। इसी लालच में समूह की महिलाओं ने कुल 3 लाख 80 हजार 500 रुपये निकलवा दिए। शुरूआती कुछ किस्तें चुकाने के बाद आरोपियों ने रकम देना बंद कर दिया और गबन कर लिया।
ठगी का अहसास और पुलिस में शिकायत
फाइनेंस कंपनी द्वारा बार-बार किस्त के लिए नोटिस भेजे जाने पर महिलाओं को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने जिला कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच थाना बगीचा को सौंपी। जांच में आरोप सही पाए गए और आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 आईपीसी के तहत अपराध दर्ज किया गया।
कई आरोपियों पर केस, एक अब भी फरार
इस मामले में लोकेश नायक, जगत नायक, राजेश कुमार गुप्ता, अयोध्या प्रसाद गुप्ता और गीता देवी के खिलाफ अपराध दर्ज हुआ था। पुलिस पहले ही जगत नायक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। अब अंबिकापुर से राजेश कुमार गुप्ता (27 वर्ष), गीता देवी (50 वर्ष) और अयोध्या प्रसाद गुप्ता (57 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं आरोपी लोकेश नायक अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक संतलाल आयाम, सहायक उप निरीक्षक बैजन्ती किंडो, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक मुकेश पांडे, रमेश गृही और नगर सैनिक कृष्णा दिवाकर की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस लगातार फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। इसी क्रम में बगीचा क्षेत्र के ठगी प्रकरण में एक महिला सहित तीन आरोपियों को अंबिकापुर से पकड़ा गया है। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”







