छत्तीसगढ़ कि जशपुर पुलिस ने पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ शातिर आरोपी बागे अकरम उर्फ गुड्डू, अंततः पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे सीतापुर से एक यात्री बस में ट्रेस कर धरदबोचा, जहां वह लगातार ठिकाने बदलते हुए छिपा हुआ था।
अतरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि आरोपी बागे अकरम उम्र 23 वर्ष, निवासी पेंट खालपारा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़) के खिलाफ थाना पत्थलगांव में मोटर सायकल चोरी के पांच प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें सभी में स्थाई वारंट भी जारी था। पुलिस ने उसे पूर्व में चोरी की मोटरसाइकिलों सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा था, परंतु दिनांक 17 मार्च 2025 को पेशी हेतु जिला जेल जशपुर से अंबिकापुर न्यायालय ले जाते वक्त वह बस स्टैंड अंबिकापुर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
इस मामले की शुरुआत 10 जनवरी 2024 को हुई, जब पत्थलगांव निवासी नेहल अग्रवाल ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मोटर सायकल CG14MR5874 बस स्टैंड से चोरी हो गई है। इसी तरह, 28 फरवरी को ग्राम बुलडेगा निवासी छतर साय चौहान की बाइक CG13AF8179,उसी दिन कलेप खलखो की बाइक CG14MG0194,29 फरवरी को शिव कुमार यादव की बाइक CG14MK1166 और 1 मार्च को सहदेव एक्का की पल्सर CG14MK0717 चोरी हो गई थी।
इन सभी मामलों में पत्थलगांव थाना में धारा 379 भा.द.वि. के तहत अपराध क्रमांक 50/24, 51/24, 53/24, और 56/24 पंजीबद्ध किए गए। पुलिस ने इन मामलों की विवेचना करते हुए बागे अकरम उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से समस्त चोरी की मोटर सायकलें बरामद की थीं। उसे दिनांक 25 मई 2024 को जेल भेजा गया था।
अंबिकापुर से फरार होने के बाद आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 262 के तहत प्रकरण दर्ज हुआ। एसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और टेक्निकल टीम की सहायता से लगातार छिपने के संभावित स्थानों पर दबिश देती रही। आखिरकार दिनांक 28 जुलाई 2025 को सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सीतापुर पहुंचकर एक यात्री बस से आरोपी बागे अकरम को धरदबोचा। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर पुनः न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि –पत्थलगांव क्षेत्र में हुई मोटर सायकल चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी बागे अकरम, जो पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था, उसे पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत के बाद पुनः गिरफ्तार कर जेल भेजा है। ऑपरेशन अंकुश आगे भी जारी रहेगा।”






