जशपुर नगर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार, 21 अक्टूबर 2025 को शासकीय रामभजन राय एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर नगर में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अमरेंद्र के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें महाविद्यालय परिवार ने अपने पूर्व छात्र और छत्तीसगढ़ पुलिस के वीर सपूत शहीद कंपनी कमांडर लव कुमार भगत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद लव कुमार भगत जशपुर जिले के ग्राम गिरला (पोस्ट ऑफिस – पिंलखी, थाना – जशपुर) के निवासी थे। वे छत्तीसगढ़ पुलिस बल के एक साहसी अधिकारी थे, जिन्होंने कई नक्सल विरोधी अभियानों में वीरता का परिचय दिया। मातृभूमि की रक्षा करते हुए, उन्होंने दिनांक 27 अगस्त 2013 को जिला जगदलपुर के थाना मारडूम, हैराकोडर क्षेत्र में एक नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। पूरा परिसर उस क्षण भावनाओं और गर्व की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
अर्थशास्त्र विभाग की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. सरिता निकुंज ने अपने वक्तव्य में कहा कि “शहीद लव कुमार भगत का बलिदान हमें राष्ट्र सेवा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने अपनी जान देकर देश की सुरक्षा सुनिश्चित की, उनका जीवन हर विद्यार्थी के लिए प्रेरणा है।”
इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष प्रो. प्रवीण सतपती, श्री सुनील चौहान, श्रीमती ज्योति तिड़ू, सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान यह संकल्प लिया गया कि महाविद्यालय परिवार हर वर्ष पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर अपने वीर पूर्व छात्र को इसी प्रकार श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करेगा। शहीद लव कुमार भगत का सर्वोच्च बलिदान सदैव देश की सुरक्षा और शांति के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।







