जशपुर।
कुनकुरी नगर के इस्लाम नगर मुहल्ले में मंगलवार सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक बेटे ने ही अपनी 62 वर्षीय मां को टांगी से बेरहमी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की नृशंसता इतनी भयावह थी कि आरोपी ने वारदात के बाद शव को छत-विक्षत कर दिया और मृत मां के पास बैठा हुआ गाने गाता रहा। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिस को भी धमकाया। अंततः कई पुलिसकर्मियों की हिम्मत से आरोपी को काबू में लिया गया।
झाड़-फूंक के बाद भी नहीं सुधरा, लौटते ही बिगड़ गया व्यवहार
आरोपी जीत राम (27 वर्ष) मजदूरी करता था और कुछ माह पहले केरल गया था। 24 अगस्त को वह घर लौटा और मां गुल्ला बाई के साथ रहने लगा। परिवार के लोगों के मुताबिक, वापसी के बाद से ही उसका व्यवहार असामान्य हो गया था। कभी अचानक गुस्से में आ जाता, तो कभी कांपने लगता। परिवार ने स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक भी कराया, लेकिन हालात और बिगड़ते चले गए।
—
तड़के वारदात, परिजन कमरे में छिप गए, मां को बना डाला शिकार
26 अगस्त की सुबह करीब सात बजे आरोपी ने अचानक टांगी उठा ली और चिल्लाने लगा – “सबको मार दूंगा।” यह सुनकर छोटा भाई डमरूधर और परिजन डर के मारे कमरे में छिप गए। इस बीच जीत राम ने अपनी मां गुल्ला बाई पर टूट पड़ा। माथे, सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर उसने मां की हत्या कर दी और शव को टुकड़ों में काट डाला।
—
शव के पास बैठा रहा आरोपी, गाना गाता और धमकी देता रहा
वारदात की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची। दृश्य देखकर पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी अपनी मां के शव के पास बैठा टांगी लिए गाने गा रहा था और किसी के भी पास आने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। पुलिस को उसे काबू करने में भारी दिक्कतें आईं। अंततः तीन जवान घर में घुसे और साहस दिखाते हुए आरोपी को धर-दबोचा।
—
पुलिस ने आरोपी जीत राम को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त टांगी को जब्त कर लिया। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। प्रथम दृष्टया आरोपी की मानसिक स्थिति अस्थिर लग रही है, लेकिन पुलिस ने हत्या की सभी संभावित दिशाओं से जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ कुनकुरी थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे ऑपरेशन में उप निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू, प्रधान आरक्षक रामानुज पांडे, छवि कांत, अरविंद साय, दलेश्वर यादव, आरक्षक नंदलाल यादव, भूपेंद्र यादव, चंद्रशेखर बंजारे और रवेंद्र प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा –
“अपनी मां की टांगी से हत्या करने वाले आरोपी जीत राम को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया है। प्रथम दृष्टया उसकी मानसिक स्थिति अस्थिर प्रतीत हो रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।”




