सूरजपुर डबल मर्डर: ‘इगो’ में हत्या करने वाले पति को पत्नी ने बताया हैवान, मांगी फांसी की सजा

Picture of News Desk

News Desk

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां और बेटे की दोहरी हत्या के आरोपी प्रवेश कुमार की पत्नी सरिता लकड़ा ने अपने पति को फांसी देने की मांग की है। सरिता ने कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोते हुए बताया कि उसके पति ने हत्या की घटना से लगभग 15 दिन पहले ही बिना उसकी मर्जी के टाटा एआईए कंपनी में उसका एक करोड़ रुपए का बीमा कराया था। इस खुलासे के साथ ही सरिता ने आशंका जताई है कि उसके पति का अगला निशाना वह खुद थी।

सरिता लकड़ा ने यह भी बताया कि उसके पति प्रवेश कुमार ने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने शिक्षिका रजनी बरेठ की हत्या ‘इगो’ में आकर की थी। सरिता के अनुसार, रजनी ने शायद प्रवेश को ‘नामर्द’ कहा था, जिसके कारण उसने यह जघन्य अपराध किया। हालांकि, सरिता ने यह भी कहा कि हो सकता है कि प्रवेश और रजनी के बीच अवैध संबंध रहे हों, लेकिन उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। सरिता ने अपने पति से सारे रिश्ते तोड़ने की बात कही है और इस वारदात के बाद अपनी मांग का सिंदूर भी मिटा दिया है।

सरिता लकड़ा ने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उसने कहा कि पति ने एक करोड़ रुपए का बीमा इसलिए कराया था, ताकि उसकी मौत के बाद बीमा की रकम लेकर वह आसानी से फरार हो सके। सरिता ने बताया कि घटना वाली रात भी पति ने पेंड्रा जाने की बात कहकर उसे गुमराह किया था। उसे इस हत्याकांड की जानकारी बाद में पुलिस के जरिए मिली।

यह पूरा मामला जयनगर और विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से लगी ग्रामीण सड़क के किनारे 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18) का शव मिला था। सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। देर रात पुलिस सुजल के घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला। उसकी मां रजनी बरेठ (40) का भी पता नहीं चल रहा था। बिश्रामपुर पुलिस ने सुजल के रिश्तेदारों को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया। अंदर बाथरूम में सुजल की मां रजनी बरेठ का शव भी संदिग्ध हालत में मिला। रजनी बरेठ बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं और पति से 5 साल पहले तलाक के बाद अपने बेटे सुजल के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थीं।

मामला ब्लाइंड मर्डर का होने के कारण साइबर सेल और सूरजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। कई संदेहियों से पूछताछ की गई, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों के मोबाइल की लोकेशन भी निकाली गई। जांच के दौरान रजनी बरेठ के स्कूल में पदस्थ एक महिला शिक्षिका के पति परवेश उर्फ प्रवेश कुमार (36) की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस को सीसीटीवी में एक व्यक्ति शिक्षिका के घर की ओर जाते दिखा था। जांच के बीच संदिग्ध फरार हो गया था, जिसके बाद 22 अक्टूबर को पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूल कर लिया।

पूछताछ में प्रवेश कुमार ने रजनी बरेठ और सुजल बरेठ की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और रजनी बरेठ एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं, जिसके कारण आरोपी का रजनी बरेठ के घर आना-जाना था। प्रवेश कुमार मूल रूप से हरियाणा के करनाल जिले का रहने वाला है और ऑटो पार्ट्स सप्लाई का कारोबार करता था। कोरोना काल में उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी और उसने कारोबार के लिए बैंक से 20 लाख रुपए का लोन भी लिया था। आर्थिक तंगी के कारण उसे अपनी दुकान बंद करनी पड़ी थी। उसे पता था कि रजनी बरेठ ने भी 19 लाख रुपये का लोन लिया है और उसे पैसों की सख्त जरूरत थी।

आरोपी ने बताया कि 9 अक्टूबर की दोपहर वह पैदल रजनी बरेठ के घर पहुंचा। जब रजनी शाम को ड्यूटी से लौटीं, तो सुजल ट्यूशन के लिए घर से चला गया। प्रवेश ने रजनी से पैसे मांगे, लेकिन उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। पैसों के लालच में प्रवेश कुमार ने रजनी बरेठ से झूमाझटकी की। जब रजनी भागने लगीं, तो आरोपी ने उन्हें बाथरूम में खींचकर उनके सिर पर शैंपू की बोतल मारी और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।

रजनी की हत्या के बाद आरोपी ने बेटे सुजल को भी मारने की योजना बनाई, क्योंकि उसे पता था कि सुजल को घर पर उसकी मां और आरोपी की मौजूदगी के बारे में जानकारी थी। आरोपी रजनी के घर जाने वाले रास्ते के तिराहे पर करीब 3 घंटे तक सुजल का इंतजार करता रहा। रात करीब 9 बजे जब सुजल आया, तो प्रवेश ने उससे कहा कि उसकी मम्मी उसके (प्रवेश के) घर पर हैं। आरोपी सुजल को अपनी कार में बैठाकर घुमाते हुए अंबिकापुर लेकर आया और उसे मैगी खिलाई। रात को वे राईं जंगल में बाथरूम जाने के बहाने रुके, जहां आरोपी ने सुजल के गले में स्टॉक कसकर उसे मारने की कोशिश की। सुजल भागने लगा, तो आरोपी ने सड़क किनारे पड़े सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार में रखकर वह कालीघाट पहुंचा, जहां सड़क के किनारे उसने सुजल का शव फेंक दिया।

सूरजपुर एसपी योगेश पटेल ने बताया कि पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल, ज्वेलरी एवं अन्य सामान बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। एसपी योगेश पटेल ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में आरोपी की पत्नी की इस हत्याकांड में कोई भूमिका नहीं मिली है।

News Desk
Author: News Desk

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!