Advertisements

13 लाख की सनसनीखेज लूट का खुलासा: झारखंड से आरोपी गिरफ्तार, ट्रक ड्राइवर से मारपीट कर बालाछापर में दिया था वारदात को अंजाम

Picture of The prime news

The prime news

SHARE:

जशपुर जिले में ट्रक ड्राइवर से 13 लाख रुपये की बड़ी लूट के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को झारखंड के गढ़वा जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।मामला सिटी कोतवाली जशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाछापर का है, जहां नेशनल हाईवे-43 पर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया था।

 

रांची से नकदी लेकर लौटते समय हुआ हमला

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 2 दिसंबर 2025 को प्रार्थी सुभाष देव कुमार (25 वर्ष), निवासी ग्राम मंगराव, थाना कछवन, जिला रोहतास (बिहार) — जो वर्तमान में पत्थलगांव के व्यापारी रमेश अग्रवाल के ट्रक क्रमांक CG-14-MT-6190 का चालक है — ने सिटी कोतवाली

जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

 

प्रार्थी ने बताया कि वह 30 नवंबर 2025 को पत्थलगांव से गुड़ भरकर रांची गया था। वहां माल खाली करने के बाद, व्यापारी शिवम छापरिया की दुकान से 10 लाख रुपये और नीलेश मिश्रा की दुकान से 3 लाख रुपये, कुल 13 लाख रुपये नकद लेकर, रांची के पंडरा से आलू लोड कर कुनकुरी–पत्थलगांव के लिए रवाना हुआ था।

 

बालाछापर में सुनियोजित लूट

 

1 दिसंबर की रात रायडीह पेट्रोल पंप में रुकने के बाद, 2 दिसंबर की सुबह करीब 5 बजे ट्रक लेकर आगे निकला। सुबह लगभग 6 बजे, बालाछापर स्थित पावर हाउस के पास नेशनल हाईवे पर ट्रक खड़ा कर जैसे ही चालक लघुशंका के लिए नीचे उतरा, पीछे से आए चार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट करते हुए पैसों के बारे में पूछताछ की और उसे घसीटकर जंगल की ओर ले जाने लगे।

 

इसी दौरान दो आरोपी ट्रक के केबिन में घुसे और सीट के नीचे रखे झोले से नकदी निकाल ली। इसके बाद “काम हो गया” कहते हुए आरोपी अल्टो कार में बैठकर फरार हो गए। घटना की सूचना चालक ने तुरंत अपने मालिक को दी और बाद में पुलिस को बताया कि वह आरोपियों को पहचान सकता है।

 

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुली परतें

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 309(6), 351(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर चालक के बयान के आधार पर कई बिंदुओं पर जांच की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

 

जांच के दौरान संदिग्ध अल्टो कार का सुराग मिला, जो झारखंड के गढ़वा जिले निवासी पवन कुमार पासवान के नाम पर पंजीकृत पाई गई। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर गढ़वा भेजी गई।

 

झारखंड से गिरफ्तारी, पहचान परेड में पुष्टि

 

पुलिस टीम ने ग्राम कदालिया, थाना डंडई, जिला गढ़वा (झारखंड) में दबिश देकर पवन कुमार पासवान (28 वर्ष) को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि वह जरूरत से ज्यादा खर्च कर रहा था, जिससे संदेह और गहरा गया। आरोपी को जशपुर लाकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान परेड कराई गई, जहां ट्रक चालक ने उसकी शिनाख्त कर ली।

 

जुर्म कबूला, 29 हजार रुपये बरामद

 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य चार साथियों के साथ रांची में ही लूट की योजना बनाई थी। उन्हें पहले से जानकारी थी कि ट्रक चालक के पास बड़ी रकम है और उसकी रेकी की जा चुकी थी। आरोपी ने बताया कि लूट के बाद उसे 1.50 लाख रुपये मिले थे, जिनमें से अधिकांश वह खर्च कर चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से 29 हजार रुपये बरामद किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

अन्य आरोपी चिन्हित, तलाश जारी

 

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि बालाछापर में ट्रक से 13 लाख रुपये की लूट के मामले में एक आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

 

The prime news
Author: The prime news

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!