जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर जिले में धान के अवैध संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पत्थलगांव में उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पत्थलगांव ऋतुराज सिंह बिसेन के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ता दल ने पालीडीह क्षेत्र में एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक क्रमांक CG 15 DG 7822 में लगभग 200 क्विंटल धान भरा हुआ पाया गया, जिसे सतनाम भगत द्वारा बिना किसी वैध दस्तावेज के परिवहन किया जा रहा था। पूछताछ में धान के स्रोत तथा परिवहन अनुमति का कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके बाद उड़नदस्ता टीम ने धान को अवैध मानते हुए तत्काल जप्ती की कार्रवाई की।
जप्त धान और ट्रक को थाना पत्थलगांव के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
SDM ऋतुराज बिसेन ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध धान खरीदी, विक्रय, भंडारण या परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने हेतु कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन ने अपील की है कि किसान अपनी उपज को वैधानिक माध्यमों से ही विक्रय करें और अवैध व्यापार में शामिल होने से बचें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






