मध्यम और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलेगी राहत, उत्तर जशपुर में भी भवन निर्माण के लिए 30 लाख देने की घोषणा

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को जशपुर शहर में 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का शुभारंभ किया। शहर के बीचों-बीच बने इस सर्वसुविधायुक्त भवन से अब लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष राहत मिलेगी। शादी-विवाह, जन्मदिन और सालगिरह जैसे आयोजनों के लिए अब लोगों को महंगे टेंट और अन्य व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। शहरवासियों को अपने पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में भी सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे क्षेत्र के लोगों को भी सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन में कुल आठ कमरे बनाए गए हैं। सभी कमरों में अटैच लेट-बाथरूम की सुविधा दी गई है, ताकि आयोजन के दौरान लोगों को ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी न हो।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।




