रायपुर, 24 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान भिलाई के सेक्टर-6 में दुर्ग रेंज के नवनिर्मित साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। महिला थाना के समीप 33.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन के शुरू होने से दुर्ग संभाग के तीन जिलों में साइबर अपराधों की रोकथाम, जांच और विवेचना को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन करने के साथ पुलिस नियंत्रण कक्ष में उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया। वहीं समाज को नशे की समस्या से मुक्त करने के उद्देश्य से पोस्टर का विमोचन कर संकल्प अभियान-नशामुक्ति की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नए साइबर थाना भवन के शुरू होने से दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम और उनकी विवेचना के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 और बौद्धिक संपदा अधिकारों से जुड़े अपराधों की रोकथाम एवं कार्रवाई के उद्देश्य से स्थापित इस साइबर थाने का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों तक रहेगा। यहां ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी सहित अन्य डिजिटल अपराधों की जांच, आरोपियों की पहचान और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस को मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 भिलाई में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से 15 लाख रुपये की लागत से उन्नत किए गए एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से 10 लाख रुपये की लागत से तैयार परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष की शुरुआत की। प्रशिक्षण हॉल के उन्नयन से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी। वहीं काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष के माध्यम से पारिवारिक विवादों के निराकरण में मदद मिलने के साथ महिलाओं और बच्चों को अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
रूआबांधा में नवीन पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्र की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। वहीं संकल्प अभियान-नशामुक्ति के तहत समाज में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
WordPress Tags: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, दुर्ग साइबर थाना, भिलाई साइबर थाना, रूआबांधा पुलिस चौकी, संकल्प अभियान, नशामुक्ति अभियान, दुर्ग पुलिस, छत्तीसगढ़ समाचार, Vishnu Deo Sai, Durg Cyber Police Station, Bhilai News, Chhattisgarh News, Cyber Crime, Drug Free Campaign




