दुर्ग, 02 जनवरी 2026।
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी और संगठित कार्रवाई करते हुए सिंथेटिक हिरोईन (चिट्टा) की तस्करी और बिक्री में संलिप्त पंजाब कनेक्शन वाले दो गिरोहों का पर्दाफाश किया है। थाना जामुल और थाना खुर्सीपार क्षेत्र में की गई पृथक-पृथक कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 51.73 ग्राम चिट्टा, 281.85 ग्राम डोडा चूरा, एक स्वीफ्ट कार, 9 मोबाइल फोन तथा लगभग 8.91 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 24 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना जामुल क्षेत्र में सूचना प्राप्त हुई थी कि ढांचा भवन कुरूद निवासी एक महिला अपने पुत्र किशन सिंह के साथ मिलकर पंजाब से चिट्टा मंगवाकर उसकी अवैध बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर महिला के घर से 33.360 मिलीग्राम सिंथेटिक चिट्टा और 281.85 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया। पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि वह पंजाब से चिट्टा मंगवाकर 20 हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से बेचती थी, जबकि ग्राहकों तक चिट्टा पहुंचाने का काम उसका पुत्र करता था। महिला की निशानदेही पर चिट्टा बिक्री से प्राप्त 8,90,400 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब चिट्टा की आपूर्ति के स्रोत, पेडलर और कोरियर नेटवर्क की गहन जांच कर रही है, साथ ही मां-बेटे के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
इसी क्रम में थाना खुर्सीपार क्षेत्र में मिनी स्टेडियम सुलभ के पास संदिग्ध अवस्था में मिले मिथिलेश पाठक और परमेश्वर ठाकुर उर्फ पिंटू डेफिनेट की तलाशी लेने पर उनके पास से क्रमशः 8 ग्राम और 6 ग्राम सिंथेटिक चिट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे हाल ही में पंजाब से चिट्टा लाकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में उसकी बिक्री कर रहे थे। उनकी निशानदेही पर दीपक गुप्ता, निहाल राय, लोकेश अवस्थी, रणदीप सिंह और मोह. अल्ताफ से भी चिट्टा बरामद किया गया है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने थाना जामुल अपराध क्रमांक 03/2026 तथा थाना खुर्सीपार अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/21(ख), 27 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है। इस अंतरराज्यीय नशा रैकेट को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए विशेष टीम गठित कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी—
किशन सिंह (25 वर्ष), जोन-3 खुर्सीपार
मिथिलेश पाठक (43 वर्ष), जोन-3 खुर्सीपार
परमेश्वर ठाकुर उर्फ पिंटू डेफिनेट (25 वर्ष), जोन-3 खुर्सीपार
दीपक कुमार (36 वर्ष), इंदिरा चौक खुर्सीपार
निहाल राय (19 वर्ष), सेक्टर-1 भिलाई भट्ठी
लोकेश अवस्थी (21 वर्ष), देवार मोहल्ला खुर्सीपार
मोह. अल्ताफ (24 वर्ष), कनाल रोड खुर्सीपार
रणदीप सिंह (23 वर्ष), मशाल चौक न्यू खुर्सीपार
एक महिला
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।




