जशपुर। जशपुर शहर में किराना व्यापारी की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का जशपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए छत्तीसगढ़ से लेकर झारखंड तक फैले चोरी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चोरी का माल खरीदने वाला झारखंड का दुकानदार भी शामिल है। मामले में चोरी का सामान, नकदी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो वाहन भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, जशपुर शहर के लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित “विक्रम किराना दुकान” में 8 और 9 मई 2026 की दरम्यानी रात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में राशन सामग्री पार कर दी थी। दुकान संचालक विक्रम ताम्रकार निवासी मधुबन टोली ने 10 मई को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दुकान से रिफाइन तेल, चावल, खाद्य सामग्री सहित करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी हो गया है।
प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 331(4), 305(A), 3(5) और 317(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जशपुर पुलिस की चार टीमें बनीं, सीसीटीवी और साइबर टीम से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों से पूछताछ की और साइबर टीम की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान जशपुर शहर के नवाटोली, बनिया टोली, सरना टोली और करबला रोड के युवकों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी और पमित बरला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की पूरी साजिश कबूल कर ली।
चोरी का माल जशपुर से झारखंड पहुंचाया गया
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की वारदात को उन्होंने नवाजिश खान के साथ मिलकर अंजाम दिया था। चोरी के बाद पूरा सामान ऑटो वाहन क्रमांक JH-07-E-7736 में भरकर झारखंड के गुमला जिले के जारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकतारा ले जाया गया, जहां स्थानीय दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेच दिया गया।
इस खुलासे के बाद जशपुर पुलिस की टीम तत्काल झारखंड रवाना हुई और गुमला जिले से चोरी का सामान खरीदने वाले अमृत लाल केरकेट्टा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुख्य आरोपी नवाजिश खान पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार होकर झारखंड के सिमडेगा पहुंच गया था। साइबर टीम की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर जशपुर पुलिस ने सिमडेगा से उसे भी पकड़ लिया।
झारखंड से बरामद हुआ चोरी का सामान
पुलिस ने आरोपियों और खरीददार के कब्जे से 58 डिब्बा 13 लीटर वाला रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन और 36 पैकेट सिगरेट बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 1005 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ऑटो वाहन भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें जशपुर और झारखंड दोनों राज्यों के आरोपी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत, अजय रवानी, कार्तिक भगत, पमित बरला, नवाजिश खान तथा चोरी का सामान खरीदने वाला अमृत लाल केरकेट्टा शामिल हैं।
एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस ने चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। उन्होंने कहा कि अपराध कर दूसरे राज्य में छिपने वाले आरोपियों को भी पुलिस लगातार ट्रैक कर रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




