जशपुर : नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और दुष्कर्म की गंभीर रिपोर्ट सामने आने के बाद जशपुर पुलिस ने आरोपी शिक्षक गिरधारी राम यादव के खिलाफ सिटी कोतवाली में तत्काल मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी के विरुद्ध बी.एन.एस. की धारा 74, 75, 64(2)(एम), 65(1) एवं पॉकसो एक्ट की धारा 6 व 8 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान दरबारीटोली निवासी गिरधारी राम यादव के रूप में हुई है, जो शिक्षक है।
कैसे खुला मामला — 16 वर्षीय पीड़िता ने परिजनों के साथ दर्ज करवाई रिपोर्ट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 नवंबर 2025 को जशपुर के एक स्कूल में अध्ययनरत 16 वर्षीय नाबालिग लड़की अपने परिजनों के साथ सिटी कोतवाली पहुंची। बच्ची ने पुलिस को बताया कि वह जुलाई 2024 से आरोपी गिरधारी राम यादव के घर पर रहकर घरेलू काम करती थी और इसी दौरान जशपुर के एक स्कूल में पढ़ाई भी कर रही थी।
पीड़िता ने बताया कि घर में अकेला पाकर आरोपी कई बार उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म करता रहा। बच्ची ने साहस जुटाकर यह बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और तत्काल अपराध दर्ज किया गया।
छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध के चलते सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को प्राथमिकता में लेते हुए तुरंत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस टीम लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
“बहुत जल्द गिरफ्तारी होगी…” — अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी गिरधारी राम यादव के विरुद्ध गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा— “आरोपी की तलाश के लिए टीमों को भेज दिया गया है। बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जाएगा।”




