जशपुर जिले के थाना सन्ना क्षेत्रांतर्गत ग्राम पिपरापाठ जोकरी नन्हेसर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी ही चचेरी बहन पर टांगी से हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए महिला जैसे ही झुकी, उसकी पीठ से कपड़े में बंधे तीन माह के मासूम बच्चे को टांगी के हत्थे से गंभीर चोट लग गई, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पत्नी से विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 दिसंबर 2025 की शाम लगभग 05 बजे प्रार्थिया संगीता पति बासु राम (22 वर्ष) का गांव के कुएं के पास आरोपी रतन राम की पत्नी के साथ पानी भरने के दौरान वाद-विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गई थीं।
शाम को संगीता अपने घर के सामने खड़ी थी और अपने तीन माह के बच्चे को पीठ पर कपड़े से बांधकर गोद में लिए हुए थी, तभी उसका चचेरा भाई रतन उर्फ रतनू राम वहां पहुंचा। पत्नी से हुए विवाद को लेकर गुस्से में आरोपी ने “जान से मार दूंगा” कहते हुए अपने हाथ में रखी टांगी के हत्थे से संगीता पर वार कर दिया।
बचाव में झुकी मां, मासूम की चली गई जान
हमले से बचने के लिए संगीता जैसे ही नीचे झुकी, टांगी का हत्था सीधे उसकी पीठ से बंधे बच्चे को लग गया। गंभीर चोट लगने से तीन माह के मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम और आक्रोश फैल गया।
पुलिस कार्रवाई: हत्या का मामला दर्ज, टांगी जब्त
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर दिनांक 18.12.25 को थाना सन्ना में आरोपी रतन उर्फ रतनू राम (21 वर्ष) निवासी ग्राम पिपरापाठ जोकरी नन्हेसर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा किया तथा शव का पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु का कारण टांगी के हत्थे से लगी चोट बताया।
अपराध स्वीकार, आरोपी जेल रवाना
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। साथ ही, हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी आरोपी के कब्जे से जब्त कर लिया गया है।
इस पूरे मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना सन्ना क्षेत्र में तीन माह के बच्चे की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली है और मामले की विवेचना नियमानुसार की जा रही है।




