जशपुरनगर, 1कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन व भंडारण के खिलाफ प्रशासन की सख्त मुहिम लगातार तेज हो गई है। राजस्व, खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने बुधवार को तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 2220 बोरी धान जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की। सभी मामलों में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कलेक्टर ने चेतावनी दी है कि अवैध धान कारोबार करने वालों को किसी भी स्थिति में राहत नहीं मिलेगी।
—
एसडीएम पत्थलगांव की अगुवाई में बड़ी कार्रवाई – 1400 बोरी धान जब्त
पत्थलगांव एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने काडरो और मुड़ाबाहला क्षेत्रों में सात ठिकानों पर छापेमारी की।
जांच में सामने आया कि पुराने धान को अवैध बिक्री की नीयत से लंबे समय से डंप किया गया था।
कार्रवाई के दौरान लगभग 1400 बोरी धान जब्त कर राजस्व विभाग को सौंपा गया। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि यह धान कहां से आया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
—
लोदाम बैरियर पर बड़ी सफलता — 700 बोरी से भरा ट्रक पकड़ा गया
लोदाम स्थित साईटांगरटोली बैरियर पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, फूड इंस्पेक्टर और उड़नदस्ता टीम ने ट्रक नंबर AP 16 TJ 0799 को जांच के लिए रोका।
ट्रक में 700 बोरी धान पाया गया। चालक द्वारा दिखाए गए दस्तावेज संदिग्ध पाए जाने पर वाहन व धान दोनों को जब्त कर लोदाम थाना में जमा कराया गया।
फूड इंस्पेक्टर को नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
—
एक और वाहन जब्त — बिना दस्तावेज 120 बोरी धान बरामद
उसी बैरियर पर टीम ने वाहन JH 01 EW 9268 को रोका। चालक ने बताया कि वह धान गुमला से जशपुर ला रहा था, लेकिन किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं था।
वाहन में 120 बोरी धान लोड मिला। संयुक्त टीम ने वाहन व धान जब्त कर लोदाम थाना में सुपुर्द किया और फूड इंस्पेक्टर को प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए।
—
कलेक्टर की दो-टूक चेतावनी — अवैध कारोबारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी—
“अवैध धान परिवहन या भंडारण में शामिल किसी भी व्यक्ति, व्यापारी या वाहन मालिक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने जिले के पंजीकृत किसानों से अपील की कि वे अपना धान केवल समर्थन मूल्य धान खरीदी केंद्रों में ही बेचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।






