दुर्ग। जिले में लगातार सूने मकानों को निशाना बनाकर हो रही चोरी की वारदातों का दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना वैशाली नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी करने वाला गिरोह और चोरी के जेवर गिरवी रखने वाला ज्वेलरी शॉप संचालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नगदी, घरेलू सामान एवं चोरी में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 13 लाख 12 हजार 800 रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार दुर्ग एवं बालोद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार सूने मकानों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा गश्त, मॉर्निंग पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के साथ लगभग 1600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया। जांच में आरोपी नौशाद की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले का रहने वाला है और खुर्सीपार स्थित गौतम नगर में ससुराल में रहकर मालवाहक वाहन चालक का काम करता था। आरोपी दिन में सूने मकानों की रेकी करता था और रात के समय अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी से प्राप्त रकम से उसने हीरो डेस्टिनी वाहन भी खरीदा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गुरूनानक नगर, वैशाली नगर, हाउसिंग बोर्ड जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पुदमनगर सहित जिला बालोद के करहीभदर क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर महिलाओं के माध्यम से पावर हाउस भिलाई स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स में गिरवी रखे जाते थे। मामले में ज्वेलरी दुकान संचालक को भी विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों एवं ज्वेलरी दुकान से करीब 60 ग्राम सोने के जेवर, 8.50 ग्राम चांदी के जेवर, कैमरा, इंडक्शन चूल्हा, नगदी 7 हजार 800 रुपये तथा चोरी में प्रयुक्त हीरो डेस्टिनी वाहन क्रमांक CG 07 DD 9877 जप्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 13 लाख 12 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद निवासी ग्राम बारा थाना सुजानगंज जिला जौनपुर उत्तरप्रदेश, नगीना निवासी गौतम नगर खुर्सीपार, मदीना निवासी गौतम नगर खुर्सीपार तथा दुर्गेश गोस्वामी निवासी शुभलाभ ज्वेलर्स पावर हाउस भिलाई शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज कुल छह चोरी के मामलों का खुलासा किया है। वहीं फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। कार्रवाई में एसीसीयू एवं थाना वैशाली नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़ने की स्थिति में पड़ोसियों अथवा स्थानीय पुलिस को अवश्य सूचित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।




