जशपुर के अग्रणी महाविद्यालय में एल्युमिनी एसोसिएशन का गठन, पूर्व छात्रों से जुड़ाव की दिशा में अहम पहल,पूर्व छात्रों के अनुभवों से मिलेगा करियर मार्गदर्शन, नैक मूल्यांकन में भी होगी मदद

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर जिले के अग्रणी महाविद्यालय ने अपने पूर्व छात्रों से सतत संपर्क बनाए रखने और संस्थान के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एल्युमिनी एसोसिएशन का औपचारिक गठन किया है। यह पहल न केवल संस्थान और पूर्व छात्रों के बीच एक सशक्त सेतु का निर्माण करेगी, बल्कि महाविद्यालय की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय वृद्धि करेगी।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. आर. बैरागी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “पूर्व छात्रों के अनुभव और सुझाव संस्थान के लिए मूल्यवान संसाधन हैं। एल्युमिनी एसोसिएशन के माध्यम से हम करियर मार्गदर्शन, नेटवर्किंग और व्यक्तित्व विकास जैसे क्षेत्रों में छात्रों को बेहतर अवसर प्रदान कर सकेंगे।”

आईक्यूएसी संयोजक डॉ. ए. के. श्रीवास्तव ने कहा कि, “एल्युमिनी एसोसिएशन समाज सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाएगा, जिससे महाविद्यालय की सामाजिक जिम्मेदारी और भागीदारी और मजबूत होगी।”

नैक प्रभारी डी. आर. राठिया ने बताया कि नैक मूल्यांकन के मानकों के तहत एक सक्रिय और पंजीकृत एल्युमिनी एसोसिएशन न केवल संस्थान की गुणवत्ता बढ़ाता है, बल्कि यह वित्तीय सहायता, प्लेसमेंट और पाठ्यक्रम में नवाचारों के लिए भी सहयोगी सिद्ध होता है। यह पहल संस्थान को नैक मान्यता दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

लंबे समय से लंबित पंजीकरण प्रक्रिया को गति देने में एल्युमिनी प्रभारी डॉ. के. के. प्रसाद एवं डॉ. ए. के. श्रीवास्तव के साथ आईक्यूएसी सह संयोजक डॉ. विनय तिवारी, सदस्य वरुण श्रीवास, नीतेश गुप्ता सहित सभी सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।
महाविद्यालय प्रबंधन को विश्वास है कि यह एसोसिएशन एक सशक्त मंच बनकर पूर्व छात्रों की भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

The Prime News
Author: The Prime News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!