रायपुर,द प्राइम न्यूज नेटवर्क। छत्तीसगढ़ सरकार की फ्लैगशिप योजना आत्मानन्द उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल की आड़ में चल रहे बड़े ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने चार शातिर ठगों को गिरफ्तार कर लिया है। ठग,प्लेसमेंट एजेंसी की आड़ में कैम्प लगा कर इस गोरखधंधे को संचालित कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक आरसीडीएसपी नामक प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा बेरोजगारों से ठगी करने की शिकायत रायपुर के दीनदयाल पुलिस थाने को मिली थी। पुलिस ने जब इस कम्पनी की जांच की तो चौकाने वाले मामला सामने आया। रायपुर के भांठा गांव में संचालित इस कथित प्लेसमेंट एजेंसी कार्यालय में दबिश दिए जाने पर कम्प्यूटर,लेटर पेड,सील और चेकबुक पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक शासकीय आत्मानन्द स्कूल में कम्प्यूटर शिक्षक नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर बेरोजगारों से 35 हजार रुपये नगद और 1 लाख रुपए का चेक लेकर लाखों की उगाही की जा रही थी। आत्मानन्द के साथ शातिर ठग दूसरे सरकारी विभागों को भी अपना निशाना बनाया करते थे।




