दुर्ग। जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देशों के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सूर्या मॉल स्थित स्पा सेंटर्स में देह व्यापार की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने 14 जून को एक के बाद एक आठ स्पा सेंटरों में दबिश दी। इस दौरान ब्लू एलीजा, सेंस और एलोरा स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि हुई। मौके से तीन ग्राहक और दो महिला संचालक गिरफ्तार किए गए, जिनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बनाई विशेष टीम
एसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी और उप पुलिस अधीक्षक नवी मोनिका पांडेय के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रद्धा पाठक के नेतृत्व में पुलिस बल ने सूर्या मॉल स्थित कुल आठ स्पा सेंटरों में दबिश दी। जांच के दौरान ब्लू एलीजा स्पा की संचालिका अहिल्या सागरवंशी (36 वर्ष, निवासी सिकोला भाठा, दुर्ग) और सेंस स्पा सेंटर की संचालिका पूजा सुधु (32 वर्ष, निवासी छावनी, पावर हाउस) को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। इनके स्पा सेंटर से आपत्तिजनक वस्तुएं, पांच रजिस्टर, दो हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक कागजात जब्त किए गए।
ग्राहक बनकर पहुंचे प्वॉइंटर, तीन ग्राहक रंगे हाथ पकड़े गए
पुलिस ने योजना के तहत प्वॉइंटर भेजकर पहले से मौजूद ग्राहकों की पहचान की। ब्लू एलीजा स्पा सेंटर के रूम से तीन व्यक्ति –
1. योगेश कुमार देवांगन (39 वर्ष, नवागांव, धमतरी),
2. संतोष कुमार देवांगन (43 वर्ष, फिगेश्वर, गरियाबंद),
3. कमलेश देवांगन (35 वर्ष, राजिम, गरियाबंद) – को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। इनके पास से भी आपत्तिजनक सामग्री और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए।
एलोरा स्पा सेंटर की संचालिका के खिलाफ भी कार्रवाई
एलोरा स्पा सेंटर से भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है, जिसके चलते वहां की संचालिका के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 व 7 के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक श्रद्धा पाठक, उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु, सहायक उप निरीक्षक संगीता मिश्रा, आरक्षक तुषार छेदैया, जी. लक्ष्मीनारायण, संतोष निर्मलकर और सविंदर सिंह का योगदान उल्लेखनीय रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की सराहना की है।
—
पकड़े गए आरोपी इस प्रकार हैं –
1. योगेश कुमार देवांगन (39), नवागांव, जिला धमतरी
2. संतोष कुमार देवांगन (43), फिगेश्वर, जिला गरियाबंद
3. कमलेश देवांगन (35), राजिम, जिला गरियाबंद
4. अहिल्या सागरवंशी (36), सिकोला भाठा, दुर्ग
5. पूजा सुधु (32), छावनी, दुर्ग
> दुर्ग पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे संस्थानों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।






