जशपुर नगर, द प्राइम न्यूज नेटवर्क। जशपुर पुलिस के फंदे में फंसा अन्तर्राज्यी मानव तस्कर गिरोह,कानून की पकड़ से बाहर निकलने के लिए पीड़िता के स्वजनों को धमकाने पर उतर आया है। स्वजनों की शिकायत पर पुलिस दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 190,195 ए और 507 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित किशोरी 17 जनवरी को इलाज के लिए अस्पताल जाने की बात कह कर घर से निकली और लापता हो गई थी। शिकायत पर कांसाबेल पुलिस गुम इंसान कायम कर खोजबीन में जुटी हुई थी। इसी दौरान किशोरी ने फोन पर स्वजनों को बताया कि उसे मध्यप्रदेश के उदयपुरा में कोमल अहिरवार ने अच्छा इलाज का झांसा देकर ले आया है। और उसे 1 लाख में कोमल दुबे के हाथों बेच कर,कोर्ट में नोटरी शादी करा दिए हैं और उसका मोबाइल छीन कर,बंधक बना कर रखा गया है। आरोपित अमिताभ दुबे उसका लगातार दैहिक शोषण भी कर रहा है। पीड़िता द्वारा काल किए गए मोबाइल नम्बर को ट्रेस कर जशपुर पुलिस की टीम मध्यप्रदेश के सागर जिले के खटोराकलां गांव पहुँची। लेकिन आरोपी यहां से फरार हो चुके थे। सागर पुलिस के सहयोग से जशपुर पुलिस की टीम बण्डा गांव में दबिश दी। यहां एक घर से पीड़िता के साथ पुलिस ने आरोपित कोमल अहीर वार पिता उम्मेद अहिरवार,कमलेश अहिरवार पिता गौरीशंकर,कृष्णा गोपाल पिता चंद्रिका प्रसाद,अमिताभ दुबे पिता चंद्रिका दुबे के खिलाफ धारा 366,370 (2),376,376 (2),(एन),385,506,342 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर 10 मई को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब इन आरोपितो को कानून से बचाने के लिए,मानव तस्करों का गिरोह,एफआईआर वापस लेने के लिए पीड़िता के स्वजनों को धमकी देने पर उतर आए हैं। कांसाबेल पुलिस से की गई शिकायत में पीड़ित किशोरी की मां ने बताया है कि दो अलग अलग मोबाइल नम्बर से काल करके केस वापस ना लेने पर परिवार को नुकसान पहुचाने की धमकी दी जा रही है। अपराध दर्ज कर,कांसाबेल पुलिस,मोबाइल नम्बर को ट्रेस करने में जुटी हुई है।




