मुख्यमंत्री ने ‘अंतरिक्ष संगवारी’ अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण पहल का किया शुभारंभ,जशपुर के 10 हजार विद्यार्थियों की होगी स्क्रीनिंग, चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

*कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने की अभिनव पहल*

*चयनित विद्यार्थियों को बेंगलुरु भ्रमण और अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से मिलने का मिलेगा अवसर*

*मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा – छत्तीसगढ़ के बच्चों की प्रतिभा को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के मिलेंगे नए अवसर*

रायपुर  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कैम्प कार्यालय बगिया में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से ‘अंतरिक्ष संगवारी’ अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण पहल का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन जशपुर एवं IDYM Foundation के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभिनव कार्यक्रम के माध्यम से कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष यात्रा और अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जशपुर के विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। जिले के बच्चों में प्रतिभा और सीखने की अपार क्षमता है। उन्हें सही अवसर, मार्गदर्शन और आधुनिक वैज्ञानिक संसाधन उपलब्ध कराकर विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ‘अंतरिक्ष संगवारी’ जैसी पहल विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान को केवल पुस्तकों में पढ़ने का विषय न रखकर उसे प्रत्यक्ष रूप से जानने और समझने का अवसर प्रदान करेगी। इससे बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ेगी और उन्हें भविष्य में विज्ञान, अनुसंधान तथा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।

यह पहल भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री श्री शुभांशु शुक्ला द्वारा समर्थित है। कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण के साथ अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों के लिए बेंगलुरु यात्रा भी प्रस्तावित है, जहां उन्हें अंतरिक्ष एवं विज्ञान से जुड़े संस्थानों और गतिविधियों को करीब से समझने के साथ अंतरिक्ष यात्री श्री शुभांशु शुक्ला से संवाद का अवसर मिलेगा।

*10 हजार विद्यार्थियों की होगी स्क्रीनिंग*

‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम में जिले के सभी 8 विकासखंडों को शामिल किया गया है। कक्षा 8वीं से 12वीं तक के लगभग 10 हजार विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। विभिन्न चरणों में परीक्षा, मूल्यांकन और साक्षात्कार के माध्यम से प्रतिभाशाली एवं अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

कार्यक्रम की घोषणा 27 अगस्त को की गई है। पंजीयन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 26 सितंबर को परीक्षा आयोजित होगी तथा 27 से 29 सितंबर के बीच मूल्यांकन एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

चयनित विद्यार्थियों के लिए 1 से 7 अक्टूबर तक रायपुर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात 15 अक्टूबर से बेंगलुरु यात्रा का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें विद्यार्थियों को अंतरिक्ष यात्री श्री शुभांशु शुक्ला से मिलने और उनके अनुभवों को जानने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का समापन 26 अक्टूबर 2026 को पुरस्कार समारोह के साथ होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और जनजातीय अंचलों के बच्चों को भी आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। जशपुर के विद्यार्थी बड़े सपने देखें, वैज्ञानिक सोच विकसित करें और भविष्य में देश के विज्ञान एवं अंतरिक्ष अभियानों में अपना योगदान दें, इस दिशा में ‘अंतरिक्ष संगवारी’ महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!