Advertisements

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोकड़ा में निभाएंगे गजपति महाराजा की परंपरा, श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

The prime news  (जशपुर)। जशपुर जिले के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा के साथ 11 दिवसीय रथयात्रा महोत्सव-2026 का शुभारंभ होगा। 16 जुलाई से 27 जुलाई तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन पूजा-अर्चना, कथा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रथयात्रा को लेकर पूरे दोकड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है और हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

इस वर्ष की रथयात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गजपति महाराजा की ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन करना रहेगा। मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ दोकड़ा पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रथयात्रा का शुभारंभ करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा बगिया के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1:35 बजे श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा पहुंचेंगे। पूजा-अर्चना के बाद भगवान की रथयात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर मिडिल स्कूल के समीप स्थित मौसी बाड़ी तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां, विभिन्न कीर्तन मंडलियों की प्रस्तुति, ढोल-नगाड़ों की गूंज तथा पारंपरिक कर्मा नृत्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। पूरे नगर को रंग-बिरंगी सजावट और स्वागत द्वारों से भव्य रूप दिया गया है।

रथयात्रा महोत्सव के अंतर्गत 17 जुलाई से 21 जुलाई तक पांच दिवसीय श्री जगन्नाथ कथा का आयोजन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कौशल्या साय के विशेष सानिध्य में आयोजित इस कथा का वाचन छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कथा वाचक एवं कीर्तन गायक कामता प्रसाद शरण करेंगे। कथा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा और लीलाओं का विस्तृत वर्णन किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रथयात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से महोत्सव में शामिल हो सकें।

श्री जगन्नाथ मंदिर समिति दोकड़ा ने जिले सहित प्रदेशभर के श्रद्धालुओं से रथयात्रा महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। सदियों पुरानी इस धार्मिक परंपरा को देखने और इसमें सहभागी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दोकड़ा पहुंचने की उम्मीद है।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!