जशपुर में अवैध धान परिवहन पर सख्ती जारी, सिमडेगा से लाई जा रही 300 बोरी धान जप्त

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुरनगर, 10 नवंबर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इसी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने अन्य राज्यों से अवैध रूप से लाई जा रही धान की आवक पर रोक लगाने के लिए सख्त अभियान शुरू किया है। कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है और कुल 21 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं।

इसी अभियान के तहत दुलदुला तहसील क्षेत्र में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के सिमडेगा जिले से लाई जा रही 300 बोरी अवैध धान को जप्त किया। जानकारी के अनुसार, दुलदुला तहसीलदार राहुल कौशिक और खाद्य विभाग की टीम रात्रिकालीन गश्त पर थी, तभी ग्राम रूसू करसाई (सिमडेगा, झारखंड) से कुनकुरी की ओर जा रहे एक मज़दा वाहन को सपघरा चेकपोस्ट के पास रोका गया। जांच में वाहन में अवैध रूप से परिवहन की जा रही धान की बोरियां मिलीं। टीम ने तत्काल धान को कब्जे में लेकर वाहन सहित करडेगा पुलिस चौकी में सुपुर्द किया।

जिला प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने से ठीक पहले अन्य राज्यों से धान लाकर अवैध रूप से बेचे जाने की कोशिश की जाती है, जिससे प्रदेश की खरीदी व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व पत्थलगांव विकासखंड के पालीडीह क्षेत्र में भी उड़नदस्ता टीम द्वारा 200 क्विंटल से अधिक अवैध धान जप्त किया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

The Prime News
Author: The Prime News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!