दुर्ग। गांजा तस्करी के एक गंभीर प्रकरण में फरार चल रहा आरोपी अंततः पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। थाना मोहन नगर क्षेत्र में दर्ज NDPS एक्ट के एक मामले में फरार गांजा सप्लायर अरुण छाती को पुलिस ने उड़िसा के रायगढ़ा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी को गिरफ़्तारी के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि दिनांक 23 दिसंबर 2024 को थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 660/2024, धारा 20(ख) एवं 27(क) नारकोटिक्स एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया था, जिसमें 6 आरोपी एवं 2 अपचारी बालकों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके कब्जे से 16.782 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 1,20,000 रुपये है, तथा गांजा बिक्री की रकम 68,200 रुपये बरामद की गई थी।
प्रकरण में शामिल एक प्रमुख आरोपी अरुण छाती (उम्र 23 वर्ष), निवासी रायगढ़ा, उड़िसा की लगातार पतासाजी की जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचना के आधार पर उसकी उड़िसा में मौजूदगी की पुष्टि होने पर पुलिस टीम वहां रवाना की गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ लाया गया।
इस सफल कार्यवाही में थाना मोहन नगर के प्रभारी निरीक्षक केशवराम कोशले एवं उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ के दौरान और भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है, जिससे गांजा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क तक पहुंचा जा सकेगा।
– THE PRIME NEWS 24






