दुर्ग। जिले में शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दुर्ग पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। ऑपरेशन “विश्वास” के तहत संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध मादक पदार्थों के विक्रय व परिवहन, चाकू-हथियार के जरिए आतंक फैलाने वाले तथा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की तलाश हेतु छावनी एवं दुर्ग अनुविभाग क्षेत्रों में सघन तलाशी एवं दबिश दी गई।

भोर 4 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन – 3 घंटे में 300 मकानों पर दबिश
पुलिस का यह विशेष अभियान सुबह प्रातः 04:00 बजे से 07:00 बजे तक चला। अभियान के दौरान छावनी अनुविभाग के देवार मोहल्ला, मछली मार्केट, खुर्सीपार तथा दुर्ग अनुविभाग क्षेत्र के सिकोला भाठा में एक-एक घर की गहन जांच की गई। लगभग 300 मकानों पर पुलिस टीम ने दबिश दी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं पूछताछ की गई।
संदिग्धों के लिए हाई-टेक मॉनिटरिंग – फिंगरप्रिंट लिया गया
दबिश के दौरान मिले संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर पुलिस द्वारा डेटा बेस तैयार किया जा रहा है, जिससे आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर निरंतर निगरानी की जा सके। यह प्रक्रिया भविष्य में अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की योजना का हिस्सा है।
वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष निगरानी
पूरा अभियान राजपत्रित अधिकारियों एवं नगर पुलिस अधीक्षक की प्रत्यक्ष निगरानी में संचालित किया गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस टीम पहले से ही विशेष रणनीति के साथ गठित की गई थी।
उद्देश्य – जिले में शांति और सुरक्षा को और मजबूत करना
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अवैध गतिविधियों को जड़ से समाप्त करने के लिए की जा रही है। इससे अपराधियों, असामाजिक तत्वों और अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर कार्रवाई और अधिक प्रभावी होगी।
> पुलिस सूत्रों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि नागरिक सुरक्षित माहौल में जीवन व्यतीत कर सकें।






