दुर्ग। थाना नंदिनी नगर क्षेत्र से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां झाड़फूंक और इलाज के बहाने घर बुलाए गए युवक ने नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला
थाना नंदिनी नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 दिसंबर 2025 को एक महिला ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थिया ने बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री का स्वास्थ्य खराब चल रहा था, जिसके चलते दिनांक 22 दिसंबर 2025 को ग्राम बुलाई स्थित अपने घर पर परसबोड़, थाना साजा, जिला बेमेतरा निवासी परमेश्वर बघेल उर्फ बाडू बैगा को झाड़फूंक व इलाज के लिए बुलाया गया था।
आरोप है कि झाड़फूंक की प्रक्रिया के बाद आरोपी ने नींबू फेंकने का बहाना बनाकर पीड़िता को अपने साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित नर्सरी के भीतर ले गया। वहां आरोपी ने बच्ची को डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, घटना के संबंध में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
कानूनी कार्रवाई
पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 345/2025 पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(1), 351(3) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला कायम कर विवेचना प्रारंभ की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी परमेश्वर बघेल उर्फ बाडू बैगा, उम्र 25 वर्ष, निवासी परसबोड़, थाना साजा, जिला बेमेतरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दिनांक 25 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना गंभीरता से की गई है और पीड़िता की पहचान को पूर्णतः गोपनीय रखा गया है। ऐसे मामलों में कानून बेहद सख्त है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




