बलरामपुर में एआई से रोजगार की नई राह, प्रिज्मा एआई के साथ एमओयू; 1 से 7 अक्टूबर तक गांव-गांव लगेंगे सेवा सेतु शिविर

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

प्रिज्मा एआई के साथ एमओयू और सेवा सेतु शिविरों को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई पत्रकार वार्ता

एआई आधारित आजीविका केंद्र और 01 से 07 अक्टूबर तक लगने वाले सेवा सेतु शिविरों पर दी गई जानकारी

बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर तैयार करने की पहल शुरू हुई है। जिला प्रशासन और प्रिज्मा एआई के बीच कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर की स्थापना के लिए गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। इसके साथ ही बलरामपुर डेटा लेबलिंग और एआई आधारित केंद्र स्थापित करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला जिला बन गया है। बुधवार को जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने एमओयू और 1 से 7 अक्टूबर तक जिले के सभी छह विकासखंडों में आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों की जानकारी दी।

स्व-सहायता समूह की महिलाओं और युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

 

कलेक्टर ने बताया कि पहल का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और शिक्षित ग्रामीण युवाओं को एआई आधारित आजीविका से जोड़ना है। पायलट चरण में बलरामपुर में 10 सीटों वाला संचालन केंद्र शुरू किया जाएगा। केंद्र में प्रशिक्षक और गुणवत्ता पर्यवेक्षक की तैनाती होगी। चयनित प्रतिभागियों को एआई साक्षरता, डिजिटल कौशल, डेटा लेबलिंग, इमेज एवं ऑब्जेक्ट टैगिंग, वर्गीकरण, सत्यापन और गुणवत्ता समीक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद विशेषज्ञों की निगरानी में वास्तविक एआई परियोजनाओं पर काम कराया जाएगा।

 

कलेक्टर त्रिपाठी ने कहा कि जिले के स्व-सहायता समूहों में बड़ी संख्या में 12वीं उत्तीर्ण और स्नातक महिलाएं हैं, जो स्मार्टफोन और कंप्यूटर चलाने में दक्ष हैं। एआई आधारित यह केंद्र उन्हें डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने के साथ जिले में ही नियमित आय के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि इससे लखपति दीदी के लक्ष्य को भी गति मिलेगी और एआई के बढ़ते क्षेत्र में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

 

प्रिज्मा एआई उठाएगी केंद्र का खर्च

 

एमओयू के तहत केंद्र के तकनीकी संचालन, प्रशिक्षण, प्रतिभागियों के पारिश्रमिक और इंटरनेट कनेक्टिविटी का खर्च प्रिज्मा एआई द्वारा वहन किया जाएगा। वहीं जिला प्रशासन परिसर उपलब्ध कराने, हितग्राहियों के चयन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय में सहयोग करेगा।

 

प्रिज्मा एआई के सीईओ डॉ. श्रीराम अय्यर ने बताया कि एआई सिस्टम को प्रशिक्षित करने के लिए बड़ी मात्रा में सटीक और व्यवस्थित डेटा की आवश्यकता होती है। डेटा एनोटेशन के जरिए तस्वीरों, वस्तुओं और अन्य डेटा की पहचान, टैगिंग और वर्गीकरण किया जाता है। केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागी इसी तरह के कार्य करेंगे। इससे उन्हें तकनीकी क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव मिलने के साथ आय का अवसर भी मिलेगा।

 

पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, प्रिज्मा एआई के सीओओ अमिताभ राय चौधरी, सीटीओ विनीत कुमार झा सहित जिले के पत्रकार और स्व-सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।

 

1 से 7 अक्टूबर तक लगेंगे सेवा सेतु शिविर

 

पत्रकार वार्ता के दूसरे चरण में कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये शिविर जनसमस्या निवारण के साथ ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने का माध्यम होंगे। शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

 

शिविरों के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को नोडल अधिकारी और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलेक्टर ने पत्रकारों से शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ ले सकें।

 

इन स्थानों पर लगेंगे शिविर

 

शंकरगढ़: 1 अक्टूबर को एकलव्य आदर्श विद्यालय खेल मैदान दोहना, 3 अक्टूबर को पहाड़ी कोरवा आश्रम के पास बेलकोना, 5 अक्टूबर को शासकीय हाई स्कूल मैदान दुर्गापुर और 6 अक्टूबर को सावंत सरना डीपाडीहकला में शिविर होगा।

 

राजपुर: 1 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कोटडिहा, 2 को गोपालपुर, 3 को अलखडीहा, 4 को नगर पंचायत राजपुर, 5 को परसागुड़ी, 6 को बरियो और 7 अक्टूबर को खोडरो में शिविर आयोजित होगा।

 

वाड्रफनगर: 1 अक्टूबर को ग्राम पंचायत रघुनाथनगर, 5 को पंडरी, 6 को प्रेमनगर और 7 अक्टूबर को चलगली में शिविर लगाया जाएगा।

 

कुसमी: 1 अक्टूबर को बाजारपारा करौंधा, 3 को हाई स्कूल परिसर चांदो, 4 को हाई स्कूल मैदान सामरी, 5 को ग्राम पंचायत भवन परिसर मदगुरी और 6 अक्टूबर को ग्राम पंचायत भवन परिसर सबाग में शिविर होगा।

 

बलरामपुर: 1 अक्टूबर को दलधोवा, केरता, कपिलदेवपुर और सरनाडीह; 2 को तातापानी; 3 को नगर पालिका परिषद बलरामपुर और सरनाडीह; 4 को सेमली और भेलवाडीह; 5 को भैंसामुण्डा, महाराजगंज और राधाकृष्णनगर; 6 को रनहत और तारकाखाड़ तथा 7 अक्टूबर को हाई स्कूल डौरा, लिलौटी, पस्ता और कण्डा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

 

रामचंद्रपुर: 1 अक्टूबर को ग्राम पंचायत सनावल स्थित दुर्गा मंदिर के पास, 2 को आरागाही हाई स्कूल मैदान, 3 को डिंडो हाई स्कूल मैदान, 4 को महावीरगंज हाई स्कूल मैदान, 5 को रामलीला मैदान रामचंद्रपुर, 6 को स्कूल मैदान त्रिकुंडा और 7 अक्टूबर को काका लरंग साय सामुदायिक भवन रामानुजगंज में शिविर लगाया जाएगा।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!