पिता की तेरहवीं पर बेटे को मिली पुलिस की नौकरी, एसएसपी खुद घर पहुंचे और सौंपा नियुक्ति पत्र, पढ़िए पूरी खबर..

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

 

पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस, बेटे बोनी प्रसाद सिंह को सौंपा आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र

जशपुरनगर। पिता की मौत का दुख किसी भी परिवार के लिए शब्दों में बयां करना मुश्किल होता है। ऐसे कठिन समय में जब परिवार को भावनात्मक संबल के साथ भविष्य की चिंता भी सताने लगती है, तब किसी का सहारा बनना मानवीय संवेदना का परिचय देता है। जशपुर पुलिस ने दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के परिवार के प्रति ऐसी ही संवेदनशीलता दिखाई है। आरक्षक के निधन के बाद उनके बेटे को अनुकम्पा नियुक्ति देने की विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा कराया गया। बुधवार को दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के दिन डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं उनके गृह ग्राम पहुंचे और पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र सौंपा।

तेरहवीं के दिन परिवार से मिले पुलिस कप्तान

 

23 सितंबर को दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह की तेरहवीं के अवसर पर पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनके घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में पूरा जशपुर पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।

परिवार से मुलाकात के दौरान पुलिस कप्तान ने दिवंगत आरक्षक के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकम्पा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र प्रदान किया। पिता के निधन से उपजे शोक के बीच यह नियुक्ति परिवार के लिए भविष्य की उम्मीद और सहारे का माध्यम बनी है।

 

असमय निधन के बाद त्वरित हुई विभागीय कार्रवाई

 

एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ आरक्षक देव नारायण सिंह की तबीयत खराब होने पर उन्हें उपचार के लिए बालाजी हॉस्पिटल, रायपुर में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया। उनके असमय निधन से पुलिस विभाग में शोक का माहौल रहा।

 

दिवंगत आरक्षक के निधन की जानकारी मिलने के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनके परिवार की स्थिति और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अनुकम्पा नियुक्ति संबंधी विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया। विभागीय कार्यवाही को त्वरित गति से पूर्ण कराते हुए नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी की गई, ताकि परिवार को भविष्य के लिए आवश्यक सहारा मिल सके।

 

2007 में पुलिस सेवा में हुए थे शामिल

 

दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह की वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में सेवाएं दीं। पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले देव नारायण सिंह के निधन को पुलिस परिवार ने अपूरणीय क्षति बताया।

 

‘हर कर्मचारी पुलिस परिवार का अभिन्न अंग’

 

इस अवसर पर पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिवंगत आरक्षक की सेवाओं को स्मरण करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से उसके परिवार पर आने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।

 

उन्होंने शोकाकुल परिवार को भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा समस्या आने पर यथासंभव सहयोग और सहायता प्रदान की जाएगी। पुलिस कप्तान ने दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति तथा परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।

 

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!