जशपुरनगर। शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही जशपुर जिले में माता की भक्ति और आराधना की धूम मच गई है। देवी मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों तक श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। जगह-जगह आकर्षक पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। नौ दिनों तक चलने वाले शक्ति उपासना के इस पर्व की शुरुआत विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई।
नवरात्रि के प्रथम दिन बंदरचूआ में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय शामिल हुईं। उनकी उपस्थिति में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाजे-गाजे के साथ निकली कलश यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया और मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
बाजे-गाजे के साथ निकली कलश यात्रा
बंदरचूआ में आयोजित कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पारंपरिक धार्मिक उत्साह के बीच निकली यात्रा के पश्चात गायत्री मंदिर परिसर में बनाए गए आकर्षक पंडाल में विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के साथ ही यहां नवरात्रि की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया।
सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति करा रही आयोजन
बंदरचूआ में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में नवरात्रि का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष जयदीप गुप्ता तथा उपाध्यक्ष अरुण गुप्ता, तरुण साहू, हरिशंकर साहू, नारायण गुप्ता, कल्याण गुप्ता, बजरंग साहू, विनय गुप्ता, रामभरत साहू और सत्यनारायण चौधरी सहित गोलू गुप्ता एवं अन्य सदस्य आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हैं। ग्रामवासियों के सहयोग से पूजा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
नौ दिनों तक गूंजेंगे माता के जयकारे
नवरात्रि पर्व को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और भक्तजन मां दुर्गा की आराधना कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। अगले नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के चलते बंदरचूआ सहित जिलेभर में भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।





