जशपुर। जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोड़का चौरा में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने सैनी ढाबा के सामने वाले जंगल की ओर इंसानी शरीर के खोपड़ी का हिस्सा पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आशीष तिवारी और एसडीओपी चंद्रशेखर परवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खोपड़ी के हिस्से को जब्त कर पंचनामा कार्यवाही की है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह खोपड़ी का हिस्सा किस व्यक्ति का है और यहां कैसे पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात शव के अंग मिलने पर मर्ग जांच प्रारंभ कर दी है और आसपास के इलाकों में गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी एकत्र की जा रही है।
थाना प्रभारी आशीष तिवारी ने बताया कि, “फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि खोपड़ी का हिस्सा पुराने शव का है या हाल ही में किसी घटना से जुड़ा हुआ है। इसे जांच के लिए फॉरेंसिक टीम से कराई जा रही है,
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया है और आसपास के जंगल क्षेत्र में अन्य अवशेषों की खोजबीन भी की जा रही है।






