आरटीओ विभाग के अधिकारी के घर हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने किया खुलासा,भतीजी निकली मुख्य आरोपी, बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर रची करोड़ों की चोरी की साजिश
जशपुर।थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम केराडीह, रैनीडांड में आरटीओ विभाग के अधिकारी के घर हुई चोरी के मामले में जशपुर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
https://www.instagram.com/reel/DTSaddrDA7z/?igsh=MWplMmJsZmJ1OGM2cw==
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 06 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया सुषमा निकुंज ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके केराडीह रैनीडांड स्थित पुराने मकान में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी की गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि घर के अंदर कमरे का कुंडा टूटा हुआ था और दीवान में रखी अटैची से लगभग 15 लाख रुपये नगद, सोने की बिस्किट और अन्य जेवरात चोरी हो गए थे। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत उस समय 35 लाख रुपये से अधिक आंकी गई थी।
पुलिस जांच में भतीजी निकली मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रार्थिया की भतीजी मिनल (मिलन) निकुंज, जो जशपुर में पढ़ाई के दौरान किराए के मकान में रह रही थी, घटना से पहले घर आती-जाती रहती थी। संदेह के आधार पर जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान और अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
आईफोन से शुरू हुई चोरी, 5 करोड़ तक पहुंची रकम
पुलिस पूछताछ में आरोपिया मिलन निकुंज ने बताया कि उसने आईफोन खरीदने के लालच में चोरी की शुरुआत की थी।
उसने स्वीकार किया कि— सबसे पहले 2 लाख रुपये नगद चोरी किए इसके बाद 3 लाख रुपये और निकाले
जब घरवालों को कोई जानकारी नहीं हुई, तो उसने सोने की बिस्किट और बड़ी मात्रा में नगदी पर हाथ साफ किया
मिलन ने यह भी कबूल किया कि इस तरह अलग-अलग चरणों में की गई चोरी की कुल रकम लगभग 5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जिसे उसके दोस्तों और बॉयफ्रेंड/पति ने मिलकर महंगी शराब, पार्टियों और ऐशो-आराम में खर्च कर दिया।
मिलन के अनुसार उसने कुछ सोने की बिस्किट अपने किराए के मकान में रखी थीं, जिन्हें बाद में किसी अन्य अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया।
रायपुर-भिलाई में पार्टी, राउरकेला में बेचा सोना
आरोपी अनिल प्रधान ने बताया कि—मिलन अपने घर से सोना और नगदी चोरी कर लाई थी। उसी पैसों से आईफोन खरीदा गया। इसके बाद हम लोग रायपुर और भिलाई गए, जहां लगभग तीन दिनों तक पार्टी चली। महंगी शराब और होटलों में करीब 5 लाख रुपये खर्च कर दिए गए।
रायपुर से लौटने के बाद हम लोग सोना बेचने के लिए ओडिशा के राउरकेला गए, जहां सोने की बिस्किट बेचने के बाद मिले पैसों से नगद में हरियर कार खरीदी गई।”
रांची से गिरफ्तारी, अन्य आरोपी भी जेल भेजे गए
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 14 दिसंबर 2025 को रांची के एक होटल से मिलन निकुंज और अनिल प्रधान को गिरफ्तार किया।
इसके बाद मामले से जुड़े अन्य आरोपी अभिषेक इंद्रवार, लंकेश्वर बड़ाईक और अलीशा भगत को भी अलग-अलग तिथियों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
बरामदगी: 51 लाख से अधिक का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—01 हरियर कार 86,300 रुपये नगद 100, 50 और 20 ग्राम की सोने की बिस्किट
सोने का कड़ा और मंगलसूत्र 01 आईफोन व 04 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार जप्त किए गए माल की वर्तमान कीमत लगभग 51 लाख 82 हजार 300 रुपये है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को लेकर बताया कि—
“थाना नारायणपुर क्षेत्र में आरटीओ विभाग के अधिकारी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगद, सोना, मोबाइल फोन और हरियर कार सहित 51 लाख रुपये से अधिक का माल बरामद किया गया है।
पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि चोरी की योजना घर के ही सदस्य द्वारा बनाई गई थी। शेष फरार आरोपियों और चोरी गए शेष माल की तलाश जारी है। सभी आरोपियों को कानून के अनुसार गिरफ्तार किया जाएगा।”







