जशपुर नगर पालिका जशपुर में सोमवार को एक बार फिर सामान्य परिषद की बैठक नहीं हो पाई। परिषद के अध्यक्ष नरेश चंद्र साय का स्वास्थ्य खराब हो जाने के कारण परिषद की बैठक को स्थगित कर दिया गया। इससे,विपक्षी कांग्रेस और निर्दलिय पार्षदों के साथ भाजपा के पार्षदों ने भी दबी जुबान में नाराजगी जताई। बैठक की अगली तारीख अभी तय नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार,नगरपालिका परिषद के सामान्य सभा की बैठक सोमवार की दोपहर 11 बजे आहूत की गई थी। निर्धारित समय में बैठक में शामिल होने के लिए पार्षद और एल्डरमैन नगरपालिका पहुंच गए। लेकिन दोपहर 1 बजे तक इंतजार करने के बाद भी अध्यक्ष नरेश चंद्र साय,नगरपालिका नहीं पहुंचे। इस पर,भाजपा के पार्षदों ने उनकी खोज खबर ली तो पता चला कि वे अंबिकापुर से वापस ही नहीं लौटें हैं। इसकी सूचना अध्यक्ष साय ने न तो नगरपालिका के सीएमओ को दी और ना ही अपने पार्टी के पार्षदों को। इसके बाद,बैठक को लेकर दोपहर 3 बजे तक असमंजस की स्थिति बनी रही। भाजपा के पार्षदों ने उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता की अध्यक्षता में,परिषद की बैठक संपन्न कराने की कोशिश की। अध्यक्ष साय ने इसके लिए सहमति भी दे दी। लेकिन,भाजपा के पार्षदों में सहमति नहीं बन पाई। काफी देर तक चले गहमागहमी के बीच सभापति विक्रांत सिंह ने परिषद की बैठक को स्थगित करने की घोषणा की। नगरपालिका के सामान्य सभा की बैठक लंबे समय से नहीं हो पाई है। बीते महिने दो बार परिषद की बैठक को स्थगित किया जा चुका है। बैठक आयोजित न होने से नगर के विकास कार्य भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। कई प्रस्तावित निर्माण कार्य,परिषद की स्वीकृति के बिना अटके हुए हैं। सामाजिक पेंशन,जाति प्रमाण पत्र भी परिषद के अनुमोदन के बिना अटके हुए हैं। इसे लेकर, नगरवासियों के साथ पार्षदों में भी असंतोष देखा जा रहा है। सामान्य सभा की बैठक आहूत करने के घंटो बाद,अचानक बैठक को स्थगित कर दिए जाने पर पार्षद और एल्डरमैन ने गहरी नाराजगी जताई है। निर्दलिय पार्षद हिमांश वर्मा का कहना था कि दो तीन बार स्थगित होने के बाद सामान्य परिषद की बैठक आहूत की गई थी। इसके बावजूद बैठक न हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होनें बताया कि इस बैठक के लिए कुछ मुद्दों पर चर्चा करने के लिए वे पूरी तैयारी के साथ आए थे। एल्डरमैन सूरज चौरसिया ने भी इस तरीके से सामान्य सभा की बैठक को स्थगित किए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्धारित समय में बैठक आयोजित न होने से विकास कार्य बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।
‘नगरपालिका के अध्यक्ष नरेश चंद्र साय का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण सामान्य सभा की बैठक स्थगित किया गया है। जल्द ही बैठक की नई तिथि निर्धारित की जाएगी।’




