रायपुर, द प्राइम न्यूज नेटवर्क। बैंक खाते का केवाईसी का झांसा दे कर शातिरों ने एक सेवा निवृत्त बैंक कर्मचारी के खाते से 90 हजार रुपए उड़ा लिए। मामला बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र का है। तोरवा के इंटरसिटी होटल के नजदीक के रहवासी तंगिराला गोपाल कृष्णामूर्ति ने पुलिस को दिए गए तहरीर में बताया है कि 16 अगस्त को उनके मोबाइल पर काल आया। काल करने वाले ने स्वयं को बैंक के कस्टम केयर का एक्सक्यूटिव बताते हुए कहा कि उनके बैंक खाते का केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी है,अन्यथा खाता बन्द कर दिया जाएगा। झांसे में आकर पीड़ित कृष्ना मूर्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए सहमत हो गए और मोबाइल में आए हुए ओटीपी को बता दिया। पलक झपकते ही चार किश्तों में बुजुर्ग के खाते से 90 हजार रुपए गायब हो गए। शिकायत पर तोरवा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।




