नारायणपुर, द प्राइम न्यूज नेटवर्क। निरंजन मोहंती की रिपोर्ट। 16 माह के बाद स्कूलों के दरवाजे खुले चुके हैं। एक बार फिर स्कूली बच्चों की हलचल से सड़क से लेकर स्कूल,गुलजार होने लगे है। उत्साह से छात्रों के साथ शिक्षकों के चेहरे खिले हुए हैं। लेकिन,नारायणपुर थाना क्षेत्र के स्कूलों के प्रबन्धको के चेहरे पर उत्साह की जगह चिंता की लकीरें खीचीं हुई है।

कारण,महज दस दिन के अंदर ही चोरों ने नारायणपुर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और जोगबहला के इंदिरा गांधी स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेंध लगा कर 12 नग कम्प्यूटर सेट पार कर दिया है।

चोरों के बुलंद हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नारायणपुर के शासकीय स्कूल में 22 जुलाई को 8 कम्प्यूटर चोरी करने के बाद 1 अगस्त को दोबारा धावा बोलकर बचे हुए 1 मात्र कम्प्यूटर को भी उड़ा ले गए। जोगबहला में आईटी याने सूचना विज्ञान विषय की पढ़ाई के लिए संस्था द्वारा विशेष रूप से क्रय किए गए तीन सेट कम्प्यूटर पर हाथ मारा है। दोनों ही स्कूलों में आईटी की पढ़ाई ठप हो चुकी है। स्कूल प्रबंधन ने इस मामले की सूचना शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग को दी है,लेकिन चोर तो दूर,अब तक सुराग भी हाथ नहीं लग पाया है। अब ना जाने किस स्कूल का दरवाजा टूटेगा। पुलिस की पेट्रोलिंग और सूचना तंत्र तो सवालों के घेरे में है ही।




