जशपुरनगर। शासकीय राम भजन राय एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर के वित्तीय सहयोग से गणित विभाग द्वारा पहली बार आयोजित ‘राष्ट्रीय गणित दिवस उत्सव–2025’ का भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। 16 दिसंबर से प्रारंभ हुआ यह छह दिवसीय शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों के लिए गणित की गहराई, तर्कशीलता और दैनिक जीवन में इसकी व्यापक उपयोगिता को समझने का सशक्त मंच बना।
उत्सव का शुभारंभ 16 दिसंबर को मुख्य अतिथि प्रो. पी.पी. सिंह (पूर्व कुलपति, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय) एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र के द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन सत्र में प्रो. पी.पी. सिंह ने गणित एवं विज्ञान के अंतर्संबंधों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए शोध, नवाचार और तार्किक दृष्टि के महत्व को रेखांकित किया।
समापन अवसर पर अपने सारगर्भित उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने गणित को दर्शन और जीवन से जोड़ते हुए कहा कि जीवन अनिश्चितताओं से भरा है और कई बार हमें शून्य से शुरुआत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि गणित एक सार्वभौमिक भाषा है, जिसका उपयोग रसोई से लेकर व्यापार, तकनीक और स्वास्थ्य तक हर क्षेत्र में अनिवार्य है। उन्होंने हैरोड-डोमर मॉडल जैसे जटिल आर्थिक सिद्धांतों को भी सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाकर विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि को और प्रगाढ़ किया।
रिसोर्स पर्सन प्रो. लक्ष्मण प्रजापति ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन, श्रीधराचार्य एवं वशिष्ठ नारायण सिंह के संघर्षपूर्ण जीवन और अमूल्य गणितीय योगदान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने गणित की कठिन समस्याओं को सरल तरीकों से हल करने की तकनीकों पर भी प्रकाश डाला, जो विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा।
पूरे सप्ताह चले इस शैक्षणिक महाकुंभ की आयोजन सचिव डॉ. सरिता निकुंज ने सूक्ष्म योजना एवं कुशल प्रबंधन के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। उनके मार्गदर्शन में गणितीय दक्षता, पोस्टर, रंगोली एवं मॉडल मेकिंग जैसी विविध प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
भाषण प्रतियोगिता में अभिलाषा तिर्की (एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर, गणित) प्रथम, सुरेश राम एवं अमन फिलिप्स एक्का संयुक्त रूप से द्वितीय तथा शंभू सिंह, रवि नायक एवं रूपा निषाद संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
पोस्टर प्रतियोगिता में सलोनी जाटवार प्रथम, संतोषी बाई द्वितीय एवं चांदनी बाई, संजना प्रजापति तथा सुरेश राम संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
गणितीय अभिरुचि परीक्षण में सुमित्रा बाई प्रथम, स्नेहा गुप्ता एवं राहुल कश्यप संयुक्त रूप से द्वितीय तथा संजना प्रजापति तृतीय स्थान पर रहीं।
रंगोली प्रतियोगिता में अंजीता साहू, सलोनी जाटवार एवं नीलम यादव की टीम प्रथम, अदिति वर्मा, रानी रोहिणी निराला, रोशनी नायक एवं आशा टोप्पो की टीम द्वितीय तथा बिनीता भगत, रिचा पैंकरा एवं दीपांजलि टोप्पो की टीम तृतीय स्थान पर रही।
मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता में सुमित्रा बाई, अभिलाषा तिर्की, शंभू सिंह, प्रांशु गुप्ता एवं यशवंत सिंह की टीम प्रथम, स्नेहा गुप्ता, लक्ष्मी जगत, उर्वशी सिंह, नमिता रावना, संजना प्रजापति एवं प्रिया यादव की टीम द्वितीय तथा दो टीमों को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
इन सभी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता एवं टीम भावना को सुदृढ़ करने का सार्थक प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन संयोजक डॉ. हरिकेश कुमार ने किया, जबकि संचालन प्रो. गौतम सूर्यवंशी ने किया। उत्सव को सफल बनाने में गणित विभाग के अतिथि व्याख्याता अजय राजवाड़े एवं किरण राजवाड़े की भूमिका भी सराहनीय रही। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अतिथि विद्वान, प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







