जशपुर। जशपुर पुलिस ने एक बेहद चर्चित बाइक चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक 21 वर्षीय युवक और एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। आरोपियों के पास से चोरी की गई रॉयल इनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जिसे वे बेचने की फिराक में थे। वहीं, चोरी की घटना में शामिल अन्य छह आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है, जिनकी तलाश जारी है।
जशपुर के अतरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि 10 सितंबर की रात को सन्ना निवासी राकेश कुमार गुप्ता ने अपनी रेड क्रोम रंग की रॉयल इनफील्ड (क्लासिक 350, क्रमांक CG15EC9926) घर के बाहर परछी में खड़ी की थी। अगली सुबह बाइक गायब मिली। करीब 1.50 लाख की कीमत वाली बाइक चोरी होने पर थाना सन्ना में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें सात संदिग्ध बाइक ले जाते दिखाई दिए। मुखबिरों और तकनीकी टीम की मदद से आरोपियों का सुराग मिला। जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र के नकना गांव के हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। मुखबिर से पता चला कि आकाश कुमार (21) और उसका नाबालिग साथी बाइक लेकर गोरखपुर पहुंचे हैं। जशपुर पुलिस ने गोरखपुर पुलिस की मदद से दोनों को बेलीपार थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उस वक्त बाइक खराब हो गई थी और आरोपी मैकेनिक से मरम्मत करा रहे थे।
पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी आकाश कुमार को जेल भेजा गया, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह में रखा गया है। पुलिस ने अन्य छह फरार आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने प्रोफेशनल अंदाज में गोरखपुर जाकर सन्ना क्षेत्र की बाइक चोरी का खुलासा किया। चोरी की बाइक बरामद कर ली गई है और आरोपी जेल भेजे गए हैं। जल्द ही फरार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”






