सूरजपुर। एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के सख्त निर्देशों पर चल रहे अवैध कारोबार और सूखा नशा विरोधी अभियान के तहत प्रतापपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पोड़ी चौक के पास घेराबंदी कर नशीली इंजेक्शन बेचने की फिराक में घूम रहे तीन युवकों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये कीमत के 180 नग नशीली इंजेक्शन, 3 मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिल जब्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 22 सितंबर 2025 की है। थाना प्रतापपुर को जानकारी मिली थी कि तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल में नशीली इंजेक्शन लेकर ग्राहकों की तलाश में पोड़ी चौक के आसपास घूम रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ व तलाशी में आरोपियों के पास से एविल इंजेक्शन 90 नग और रेक्सोजेसिक इंजेक्शन 90 नग, कुल 180 नग नशीली इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी बाजारू कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
1. संतोष पाल उर्फ बिल्ला पिता स्व. नन्दूपाल, उम्र 22 वर्ष, ग्राम कृष्णनगर (धमनी), थाना त्रिकुण्डा, जिला बलरामपुर।
2. बबलू राजवाड़े पिता टेमसाय, उम्र 19 वर्ष, ग्राम करौंदा बस्ती जरही, थाना भटगांव।
3. अनिल सिंह पिता स्व. रामाशंकर सिंह, उम्र 19 वर्ष, ग्राम करौंदा।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर अमित कौशिक, एएसआई बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे, आरक्षक राजकुमार पासवान, रामदयाल राठिया, अपील चौधरी और सत्य नारायण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






