Advertisements

तड़ीपार के बेटे की गुंडागर्दी पड़ी महंगी, युवती से मारपीट व प्रताड़ना के मामले में गिरफ्तार

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्रांतर्गत एक युवती को शादी का झांसा देकर प्रताड़ित करने और गंभीर शारीरिक अत्याचार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी रितेश प्रताप सिंह उर्फ लक्की (24 वर्ष), निवासी ग्राम डुगडुगिया, पूर्व में भी युवती को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जिले के तपकरा क्षेत्र की पीड़िता, जो वर्तमान में अपनी मां के साथ जशपुर क्षेत्र में निवासरत है, ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी रितेश सिंह ने वर्ष 2023 में उसे बहला-फुसलाकर भगाया था। उस मामले में पुलिस द्वारा आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद 17 मई 2025 को आरोपी ने फिर से युवती को शादी का झांसा देकर मोटरसाइकिल में बैठाकर बादलखोर जंगल ले गया, जहां उसके साथ मारपीट व गाली-गलौच की।

इसके पश्चात आरोपी पीड़िता को अपने घर कुनकुरी ले गया, जहां दो दिन तक उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को नारायणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित अपने रिश्तेदार के घर लाकर रखा। वहीं, आरोपी द्वारा युवती के साथ मारपीट करते हुए सिगरेट से गुप्तांग और शरीर पर दांत से काटने की गंभीर हरकत की गई, जिससे पीड़िता के शरीर पर कई जगहों पर चोट के निशान पाए गए हैं। आंख के नीचे भी गंभीर चोट का निशान पाया गया है।

पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपनी मां के साथ सिटी कोतवाली जशपुर पहुंची और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। चूंकि घटना स्थल नारायणपुर थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए जशपुर कोतवाली से केस नारायणपुर थाना स्थानांतरित किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नारायणपुर में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 118, 64 व 62 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, तथा गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी रितेश का पिता संजीव सिंह राजपूत भी थाना कुनकुरी का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध मारपीट, चोरी और गुंडागर्दी के कुल 34 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर उसे वर्तमान में छह माह के लिए जिला बदर किया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि असामाजिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!