जशपुर नगर, द प्राइम न्यूज नेटवर्क। महिला एवं बाल विकास विभाग में सुपर वाइजर के पद पर कार्यरत एक महिला के बैंक खाते से शातिर ठगों ने 11 लाख से अधिक की रकम पार कर दिया है। मामला कांसाबेल थाना क्षेत्र के ग्राम टांगरगांव का है। पीड़ित सुपर वाइजर सुमित्रा पैंकरा ने बताया कि 2 अगस्त को वह अपने खाते से घरेलू खर्च के लिए साढ़े 9 हजार रुपए निकालने के लिए कांसाबेल के एटीएम पहुँची थी। कार्ड की मदद जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया तो खाते में पर्याप्त बैलेंस ना होने के कारण रुपए नहीं निकल पाया। इस ओर पीड़िता ने जब बैलेंस चेक किया तो खाते में मात्र 40 पैसे ही शेष रह गया था। मामले की शिकायत कांसाबेल पुलिस से करने पर,सायबर सेल की मदद से बैंक खाते से गायब रकम की जांच पड़ताल किया गया। जांच में पता चला कि शातिरों ने यूपीआई की मदद से खाते से रकम उड़ाई है। पीड़िता की शिकायत पर कांसाबेल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।




