मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर को बड़ी सौगात, 3.74 करोड़ की लागत से बुढ़ा नाला पर बना 69 मीटर लंबा पुल, अब सालभर होगी आवाजाही

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कार्य पूरा हुआ है। डूमरबहार–तमता मार्ग पर शेखरपुर के पास बुढ़ा नाला में 3 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक की लागत से उच्चस्तरीय पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया है और इस पर आवागमन भी शुरू हो गया है। पुल बनने से अब क्षेत्र के लोगों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी। विशेषकर बारिश के दिनों में नाले में पानी बढ़ने से होने वाली परेशानी से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस उच्चस्तरीय पुल का निर्माण 373.73 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से कराया गया है। पुल की कुल लंबाई 69 मीटर है, जिसमें 23-23 मीटर के तीन स्पान बनाए गए हैं। पुल के साथ पहुंच मार्ग का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। इससे पहले बुढ़ा नाला में पानी का स्तर बढ़ने पर लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दौरान कई बार रास्ता प्रभावित होने से लोगों की आवाजाही मुश्किल हो जाती थी। अब पुल तैयार होने के बाद इस समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

पुल निर्माण का सबसे बड़ा फायदा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मिलेगा। डूमरबहार–तमता मार्ग के जरिए राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के दोनों छोरों के बीच संपर्क सुगम हुआ है। इससे जिला मुख्यालय जशपुर के साथ पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र और विकासखंड तक पहुंचना आसान होगा। रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों के अलावा किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

इस मार्ग पर आवागमन सुगम होने से किसानों को अपनी कृषि उपज के परिवहन में सुविधा होगी, वहीं स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने और विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में भी अब पहले की तुलना में कम परेशानी होगी। खासकर बारिश के मौसम में संपर्क बाधित होने की समस्या से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। इसके माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और आम नागरिकों के लिए आवागमन की सुविधाएं बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बुढ़ा नाला पर पुल का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

पुल निर्माण पूरा होने और आवागमन शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से बुढ़ा नाला पार करने में होने वाली परेशानी अब दूर हो गई है। पुल बनने से न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि क्षेत्र के विकास और आसपास के गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी को भी नई मजबूती मिली है।

 

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!