मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय फाइनल मुकाबले में हुईं शामिल, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह; ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
जशपुर नारायणपुर। ग्राम पंचायत कुडूकेला में आयोजित ग्रामीण पंचायत स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन 14 नवंबर को बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। करीब एक महीने तक चले इस फुटबॉल महाकुंभ के खिताबी मुकाबले में कोरवाबहरी और सरईटोली की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में कोरवाबहरी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरईटोली को 4-3 गोल से शिकस्त दी और एक लाख रुपये की इनामी राशि के साथ विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और फाइनल मुकाबले का आनंद लिया। उनकी उपस्थिति से खिलाड़ियों और आयोजन समिति में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा युवाओं को खेल के माध्यम से सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 11 अक्टूबर को हुआ था, जिसमें क्षेत्र की कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। लगभग एक महीने तक चले इस आयोजन में आसपास के गांवों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के प्रत्येक मुकाबले में खेलप्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली। फाइनल मुकाबले में आसपास के गांवों सहित पूरे क्षेत्र से हजारों की संख्या में दर्शक कुडूकेला पहुंचे और दोनों टीमों का उत्साह बढ़ाया।
पहले हाफ में 2-2 की बराबरी, अंतिम समय तक बना रहा रोमांच
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। कोरवाबहरी और सरईटोली के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। दोनों ओर से गोल करने के लगातार प्रयास हुए और पहले हाफ की समाप्ति तक मुकाबला 2-2 गोल की बराबरी पर रहा।
दूसरे हाफ में मुकाबला और भी रोमांचक हो गया। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। कोरवाबहरी ने तीसरा गोल दागकर बढ़त बनाई, लेकिन सरईटोली ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद कोरवाबहरी के खिलाड़ियों ने एक और बेहतरीन गोल दागकर स्कोर 4-3 कर दिया।
अंतिम क्षणों में सरईटोली की टीम ने बराबरी के लिए कई हमले किए, लेकिन कोरवाबहरी के खिलाड़ियों ने मजबूत बचाव करते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी। जैसे ही अंतिम सीटी बजी, मैदान में कोरवाबहरी के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विजेता को एक लाख और उपविजेता को 50 हजार रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता कोरवाबहरी की टीम को एक लाख रुपये नगद एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता सरईटोली की टीम को 50 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और सहयोग की भावना विकसित करते हैं : कौशल्या साय
इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय ने खिलाड़ियों एवं उपस्थित खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता, संघर्ष, समर्पण और टीम भावना का प्रतीक है। खेल का मैदान हमें जीवन की अनेक महत्वपूर्ण सीख देता है। जिस तरह मैदान में प्रत्येक खिलाड़ी अपनी व्यक्तिगत प्रतिभा के साथ पूरी टीम को जीत दिलाने के लिए प्रयास करता है, उसी तरह जीवन में भी सामूहिक प्रयास और आपसी सहयोग से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में हार और जीत दोनों का अपना महत्व है। जीत हमें आगे बढ़ने का उत्साह देती है, वहीं हार अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है। इसलिए खिलाड़ियों को कभी हार से निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक मुकाबले को एक नए अनुभव और सीख के रूप में स्वीकार करना चाहिए।
श्रीमती साय ने ग्रामीण अंचलों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच, प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराने की। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल में सबसे बड़ी उपलब्धि केवल ट्रॉफी जीतना नहीं, बल्कि एक अच्छे खिलाड़ी के साथ-साथ एक अच्छा इंसान बनना भी है।
अंत में उन्होंने विजेता एवं उपविजेता दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
जनप्रतिनिधियों एवं खेलप्रेमियों की रही उपस्थिति
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मलिता बाई, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, सुनील अग्रवाल, जनपद सदस्य भारती भगत, संजय बंग, मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, तुलाधर यादव, असलम आजाद, अली हसन, जमीर इस्लाम (जिन्ना), ग्राम पंचायत कुडूकेला के सरपंच सम्पत राम, ग्राम पंचायत कमतरा के अभिषेक कुजूर सहित जनप्रतिनिधियों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




