जशपुर शादी का भ्रम देकर युवती के साथ लगातार शारीरिक शोषण करने वाला सहायक पोस्ट मास्टर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना तुमला पुलिस ने गंभीर धारा में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला महिलाओं से जुड़े अपराधों की श्रेणी में अत्यंत संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत रहने वाली 35 वर्षीय युवती ने 6 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी सौरभ कुमार (27 वर्ष), निवासी बिहार एवं वर्तमान में जशपुर जिले के एक डाकघर में सहायक पोस्ट मास्टर के रूप में पदस्थ है। वर्ष 2024 में दोनों के बीच परिचय हुआ था। पीड़िता सब इंजीनियर है और उस दौरान छत्तीसगढ़ के एक जिले के जनपद पंचायत में तकनीकी सहायक के रूप में कार्यरत थी।
उन्होंने बताया कि 14 जनवरी 2025 को जब पीड़िता छुट्टी पर तुमला स्थित अपने गृह गांव आई हुई थी, तभी आरोपी सौरभ कुमार ने उसे अपने किराए के मकान में बुलाकर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जब भी पीड़िता छुट्टी पर आती, आरोपी शादी का वादा करके उसके साथ दैहिक संबंध बनाता रहा।
बाद में विवाह की बात सामने रखने पर आरोपी ने शर्त रखी कि पीड़िता पहले अपनी तकनीकी सहायक की नौकरी छोड़ दे, तब ही वह शादी करेगा। भरोसा करते हुए पीड़िता ने अपनी नौकरी तक छोड़ दी। इसके बाद आरोपी ने कुछ दिनों तक उसे अपने साथ रखा, लेकिन बाद में शादी से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, पीड़िता के विरोध करने पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार भी करने लगा।
उन्होंने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना तुमला मे आरोपी सौरभ कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(M) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। तुमला क्षेत्रांतर्गत युवती से शादी का झांसा देकर शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।







