Big Breaking Jashpur:  डेंड्राइड के नशे में धुत ‘सन्नी बस’ के खलासी ने शहर में मचाई दहशत — घर के दरवाजे में घुसाई बस, चौक–चौराहों में बेकाबू दौड़ी बस, नदी मोड़ के पास युवक को ठोकर, पुलिस आरक्षक राम प्रताप ने किया पीछा,पड़का,

Picture of The prime news

The prime news

SHARE:

जशपुर। शहर में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब ‘सन्नी बस’ के खलासी ने डेंड्राइड के नशे में बस को पूरी तरह अनियंत्रित अवस्था में शहरभर में दौड़ा दिया। थोड़ी सी देर और होती तो यह लापरवाही एक बड़ा जन-हानि वाला हादसा बन सकती थी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस स्टैंड लगाने के लिए निकला खलासी नशे की हालत में था और बस पर नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान बस ने सना रोड स्थित मंदिर के पास एक घर के मुख्य दरवाजे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी बस नहीं रुकी और तेज रफ्तार में भागती रही।

 

उसके बाद बस बेकाबू अवस्था में महाराज चौक, देवी मंदिर, जिला अस्पताल, थाना परिसर एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने से होती हुई गम्हरिया मार्ग की ओर निकली। रास्ते भर लोग और वाहन चालक बस से बचने के लिए इधर-उधर होते रहे और शहर में दहशत का माहौल बन गया।

 

बस इसके बाद गिराँग मोड़ के रास्ते वापस शहर में लौटी, जहां नदी मार्ग पर चलते हुए ग्राम बघिमा निवासी एक युवक को जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद भी बस आगे बढ़ती रही, लेकिन कुछ दूर जाकर सड़क किनारे बने गड्ढे में फंसकर रुक गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देशमुख, रामप्रताप यादव, रवि राम सहित पूरी पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से खलासी को हिरासत में ले लिया, जबकि घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाकर उपचार शुरू किया गया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि नशे में बस चला रहे खलासी के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। इसके बावजूद वह खुद बस चला रहा था। पुलिस ने ‘सन्नी बस’ को जब्त कर लिया है और आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही बस मालिक और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि लाइसेंस रहित व्यक्ति व नशे की हालत में बस कैसे चला रहा था।

 

घटना के बाद शहर के आम नागरिकों में भारी आक्रोश है और लोग मांग कर रहे हैं कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में ऐसी घोर लापरवाही पर कठोर कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।

The prime news
Author: The prime news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!