जशपुर। नशे के कारोबार पर नकेल कसने पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन आघात लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसी अभियान के तहत लोदाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है, जहां वाहन चेकिंग के दौरान 100 बोरी अवैध तंबाखू से लदी एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया गया। पुलिस ने तंबाखू तथा वाहन दोनों को जप्त कर आगे वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि 7 दिसंबर 2025 को थाना लोदाम पुलिस मंडी बैरियर, लोदाम—नेशनल हाइवे 43 पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आती एक पिकअप वाहन क्रमांक JH 01-ER-6092 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में 100 बोरी कच्ची तंबाखू पाई गई।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम गौतम भगत (उम्र 28 वर्ष), निवासी सरना टोली, थाना सिटी कोतवाली जशपुर, जिला जशपुर (छ.ग.) बताया। वाहन में पाए गए कागज़ात के अनुसार, तंबाखू चाईबासा (झारखंड) से जशपुर लाया जा रहा था और रसीद में M/s न्यू प्रसाद ब्रदर्स चाईबासा लिखा गया था। 100 बोरी तंबाखू की कीमत 01 लाख 11 हजार 360 रुपये दर्ज थी।
पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज़ मांगे जाने पर चालक कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। जिस पर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत पुलिस ने तंबाखू व वाहन दोनों को जप्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
9 दिनों में चौथी बड़ी कार्यवाही
गौरतलब है कि नशे के व्यापार के खिलाफ जशपुर पुलिस की यह लगातार बड़ी कार्यवाही है। महज़ नौ दिनों में ही लोदाम क्षेत्र से तीन ट्रकों सहित कुल 471 बोरी अवैध तंबाखू पदार्थ पहले ही जप्त किया जा चुका है, और अब एक पिकअप के साथ 100 बोरी तंबाखू फिर पकड़ी गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। रेलवे, हाइवे तथा सीमावर्ती इलाकों पर सख़्त निगरानी रखी जा रही है। लोदाम में एक पिकअप वाहन के साथ 100 बोरी अवैध तंबाखू को जप्त किया गया है। अभियान आगे भी बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा।”




