जशपुर ज़िले की पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो घर-घर जाकर सोने-चांदी के जेवर साफ करने के बहाने महिलाओं को झांसा देकर नकली जेवर थमा कर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये का माल बरामद किया है।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बिहार के भागलपुर ज़िले के रहने वाले हैं, जिनके विरुद्ध थाना कांसाबेल और थाना दुलदुला में बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, टॉप्स, सफाई में प्रयुक्त केमिकल, नकली मोती, डिब्बा तथा अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि 19 मई को थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुसुमताल निवासी 59 वर्षीय महिला अहलादी तिग्गा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दो अजनबी युवक मोटरसाइकिल पर उसके घर आए और स्वयं को सोना-चांदी साफ करने वाली कंपनी से जुड़ा बताया। पहले बहू के टॉप्स साफ कर लौटाने पर विश्वास दिलाया गया और फिर महिला के सोने की चेन और टॉप्स लेकर एक पन्नी में बंद कर लौटाया गया। आरोपियों के जाने के बाद जब पन्नी खोली गई तो उसमें नकली माला निकली।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार की घटना 25 अप्रैल को थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम पतराटोली में भी सामने आई थी, जहाँ पीड़ित अनिल चौधरी ने बताया कि उसकी पत्नी और भाभी को जेवर सफाई के नाम पर झांसा देकर दो अज्ञात व्यक्तियों ने नकली जेवर देकर फरार हो गए थे।
एसएसपी ने बताया कि जिलेभर के थानों को सतर्क करते हुए विशेष टीमें गठित की थीं। इसी दौरान कुनकुरी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक रामानुजम पांडे जब एक शिकायत की जांच हेतु ग्राम जोकारी पहुंचे तो वहां खड़े एक संदिग्ध युवक पर उनकी नज़र पड़ी। बातचीत के लहज़े और जानकारी की कमी से उन्हें युवक पर शक हुआ। पूछताछ में युवक और उसके साथी की जानकारी पर विरोधाभास मिलने के बाद दोनों को थाना लाया गया। थाने में जब हालिया ठगी के मामलों से संबंधित पीड़ितों को फोटो दिखाकर पहचान कराई गई तो उन्होंने आरोपियों की पुष्टि कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों में अशोक साव (62 वर्ष) और धीरज कुमार साव (25 वर्ष), निवासी एकडारा, थाना बुद्धुचक, जिला भागलपुर (बिहार) के रहने वाले हैं,पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे घूम-घूमकर सोने-चांदी के जेवर साफ करने के बहाने नकली जेवर देकर ठगी करते हैं। उन्होंने पतराटोली में की गई ठगी के जेवरों को भागलपुर जाकर गलाने की बात भी मानी है।
पुलिस ने आरोपियों से कुल ₹2.5 लाख के मूल्य की सोने की चेन, एक जोड़ी टॉप्स, जेवर साफ करने का पाउडर, नकली मोती, मोटरसाइकिल व अन्य सामान बरामद किया है।
कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक विजय सिंह राजपूत, थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव, थाना प्रभारी कांसाबेल उपनिरीक्षक सुनील सिंह, एएसआई नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक रामानुजम पांडे, आरक्षक कमल शांति, अर्जुन बड़ा, शरत चंद बेहरा व शिवचंद भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम जनता से अपील की है कि अंजान व्यक्तियों को अपने कीमती जेवर सफाई के लिए न दें। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति यदि इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।




