जशपुर / फरसाबहार। गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। ताज़ा कार्यवाही में तस्करों द्वारा तस्करी का नया तरीका अपनाते हुए टमाटर के कैरेट की आड़ में 13 नग गौ वंशों को ठूंसकर ले जाया जा रहा था। सूचना पर पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी पिकअप वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन के नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुँचने की कार्यवाही जारी है।
—
🔻 टमाटर कैरेट के नीचे मिले 13 गौ वंश — एक की मौत
घटना थाना फरसाबहार क्षेत्रांतर्गत ग्राम पमशाला की है। पुलिस को 25 नवंबर की रात करीब 3:00 बजे सूचना मिली कि सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक JH-01DQ-5773 में भारी मात्रा में गौ वंश ठूंसकर भरे गए हैं और उन्हें ऊपर से टमाटर से भरे कैरेट रखकर ढंका गया है। तस्कर वाहन को तुमला की ओर से झारखंड सीमा की ओर ले जा रहे थे और पुलिस को चकमा देने की साजिश रची गई थी।
सूचना मिलते ही थाना फरसाबहार पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया तथा नाकाबंदी शुरू कर संदिग्ध वाहन का पीछा किया। पीछा बढ़ता देख वाहन चालक पिकअप को तेज गति से भगाने लगा और ग्राम पमशाला चौक के पास पहुंचकर वाहन अनियंत्रित होने पर खेत में उतारकर छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
—
🔻 दर्दनाक दृश्य — पशुओं को बेरहमी से ठूंसकर भरा गया था
जब पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की, तो पाया कि टमाटर से भरे कैरेट हटाने पर एक शेड के नीचे 13 नग गौ वंशों को क्रूरता के साथ एक-दूसरे के ऊपर ठूंसकर भर दिया गया था। दम घुटने और चोट से एक गौ वंश की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने मृत गौ वंश की पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया और विधिवत अंतिम संस्कार करवाया। शेष 12 गौ वंशों को बरामद कर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन JH-01DQ-5773 को पुलिस ने मौके से जप्त कर लिया है।
—
🔻 आरोपी की तलाश तेज — वाहन के नंबर से होंगे गिरफ्तार
पुलिस फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है। वाहन के रजिस्ट्रेशन विवरण के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कार्यवाही जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
—
🔻 अपराध दर्ज — कड़ी धाराओं में केस
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ
बीएनएस की धारा 281 तथा
छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 व 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
—
एसपी शशि मोहन सिंह का बताया कि गौ तस्करी में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा गौ तस्कर अब टमाटर के कैरेट जैसे नए-नए तरीकों से पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, परंतु जशपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। फरसाबहार क्षेत्र से टमाटर कैरेट की आड़ में ले जाए जा रहे गौ वंशों को छुड़ाया गया है। फरार तस्कर की पता-साजी जारी है, जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।






