जय स्तंभ चौक बना यातायात जागरूकता का केंद्र, जशपुर पुलिस ने नुक्कड़ नाटक और हेलमेट रैली से दिया सुरक्षा का संदेश

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

(जशपुर)।सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा कुनकुरी के जय स्तंभ चौक में भव्य यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह (01 जनवरी से 31 जनवरी 2026) के अंतर्गत संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत जीवन झरना समिति, कांसाबेल की टीम द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक से हुई। नाटक के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज रफ्तार, लापरवाही तथा यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं को जीवंत रूप में दर्शाया गया। कलाकारों ने यह संदेश दिया कि सड़क पर की गई एक छोटी सी गलती पूरे परिवार के जीवन को अंधकार में धकेल सकती है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, वरिष्ठ नागरिक राधेश्याम जिंदल, थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव तथा यातायात प्रभारी जशपुर उप निरीक्षक प्रदीप मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं असामान्य मौतों का बड़ा कारण बनती जा रही हैं, जिनमें अधिकांश मामलों में यातायात नियमों की अनदेखी ही मूल वजह है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा के लिए पहनना चाहिए। दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में सिर में लगने वाली गंभीर चोटें मौत का प्रमुख कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर रोका जा सकता है। उन्होंने अपील की कि वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनना चाहिए।

वरिष्ठ नागरिक राधेश्याम जिंदल ने अपने वक्तव्य में कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से ओवर स्पीडिंग से बचने, नशे में वाहन न चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव एवं यातायात प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने उपस्थित नागरिकों को यातायात नियमों, उनके उल्लंघन पर लगने वाले दंडात्मक प्रावधानों तथा सुरक्षित ड्राइविंग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर में “हेलमेट पहने, सुरक्षित रहें” का संदेश देते हुए हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकाली। रैली के दौरान आम नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया तथा कई लोगों को हेलमेट का वितरण भी किया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ दिलाई गई।

अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। जागरूकता ही सुरक्षा की पहली शर्त है, क्योंकि आपका जीवन आपके और आपके परिवार दोनों के लिए अमूल्य है।

The Prime News
Author: The Prime News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!