Advertisements

नशे के कारोबारी पर पुलिस का शिकंजा, 640 नग प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप के साथ मोहित गुप्ता गिरफ्तार, करीब 1.11 लाख की खेप जब्त

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर।नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपी मोहित कुमार गुप्ता को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 640 नग प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरप जब्त की है। जब्त नशीली कफ सिरप की बाजार कीमत करीब 1 लाख 11 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है

लंबे समय से पुलिस की रडार पर था आरोपी

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुरंगपानी निवासी मोहित कुमार गुप्ता काफी समय से अवैध रूप से नशीली कफ सिरप की खरीद–फरोख्त में संलिप्त था। इस संबंध में जशपुर पुलिस को पूर्व से सूचनाएं मिल रही थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

उड़ीसा से खेप लाते वक्त हुई घेराबंदी

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से उड़ीसा की ओर जाकर प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप लेकर वापस अपने गांव लौटने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित मार्गों पर नजर रखते हुए लाखझार घाट के पास नाकाबंदी की।

कुछ देर बाद ग्राम फरसाटोली की ओर से एक बिना नंबर की होंडा सिटी 110 मोटरसाइकिल पर आरोपी आता दिखाई दिया, जिसकी सीट के पीछे दो बोरियां बंधी हुई थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे मौके पर ही धर दबोचा।

चार कार्टून में मिली 640 शीशियां

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में बंधी बोरियों से दो कार्टून बरामद किए गए, जिनमें 100-100 एमएल की 320 शीशियां प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कफ सिरप मिलीं। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए दो अन्य कार्टून भी बरामद किए गए, जिनमें भी 320 शीशियां पाई गईं।
इस प्रकार कुल चार कार्टून में 640 शीशियां (कुल 64 हजार मिलीलीटर) प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप जब्त की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पूछताछ में आरोपी नशीली कफ सिरप से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने स्वीकार किया कि वह यह खेप उड़ीसा राज्य से खरीदकर बिक्री के उद्देश्य से लेकर आ रहा था। आरोपी के विरुद्ध चौकी कोतबा में धारा 21(सी) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। कोतबा क्षेत्र से 640 नग प्रतिबंधित नशीली विस्कोरेक्स कोडीन फास्फेट कफ सिरप के साथ एक आरोपी की गिरफ्तारी इसी अभियान का हिस्सा है। नशे के सौदागरों के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

The Prime News
Author: The Prime News

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
Advertisements
और पढ़ें
error: Content is protected !!