जशपुर गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। ताजा कार्रवाई में चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत ग्राम गुल्लू के जंगल मार्ग से 10 नग गौ-वंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया गया है। वहीं थाना तुमला क्षेत्र के वर्ष 2024 के गौ तस्करी प्रकरण में फरार चल रहा आरोपी इमरोज़ अंसारी को जशपुर पुलिस ने लोहरदगा (झारखंड) से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक 5 नवंबर को चौकी सोनक्यारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर ग्राम गुल्लू के जंगल रास्ते से भारी संख्या में गौ-वंशों को जबरन पैदल हांककर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। जंगल में घेराबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस को देखते ही गौ-वंशों को वहीं छोड़कर फरार होने की कोशिश की। घने जंगल का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकले, लेकिन पुलिस ने 10 नग गौ-वंशों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
तस्करों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उपनिरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज तथा नगर सैनिक शिवशंकर रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसी अभियान के तहत थाना तुमला क्षेत्र के वर्ष 2024 के गौ तस्करी प्रकरण में फरार आरोपी इमरोज़ अंसारी (उम्र 27 वर्ष), निवासी भटगांव, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा (झारखंड) को पुलिस की विशेष टीम ने लोहरदगा से हिरासत में लेकर जशपुर लाया।
ज्ञात हो कि वर्ष 2024 में थाना तुमला पुलिस ने ग्राम बारो क्षेत्र में एक टाटा छोटा हाथी वाहन (JH 01U 9753) से तीन गौ-वंश जब्त किए थे। उस दौरान आरोपी वाहन वहीं छोड़कर भाग निकले थे। जांच के दौरान इमरोज़ अंसारी को आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया था जो घटना के बाद से फरार था।
टेक्निकल सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
कानूनी कार्रवाई
दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच जारी है: छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि गौ-वंशों की अवैध तस्करी में किसी भी स्तर पर संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। “ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है, तस्करों के खिलाफ अभियान और भी सख्ती से चलाया जाएगा।”







